Site icon 24 News Update

उदयपुर में धूमधाम से मनाया पुलिस स्थापना दिवस, 140 पुलिसकर्मी व नागरिक सम्मानित, 63 यूनिट रक्तदान

Advertisements

24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। राजस्थान पुलिस मुख्यालय जयपुर के निर्देशानुसार गुरुवार को पुलिस लाइन उदयपुर के परेड ग्राउंड में रेंज स्तरीय “पुलिस दिवस समारोह 2026” का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम के तहत आयोजित सेरेमोनियल परेड में पुलिस बल ने अनुशासन और समर्पण का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

समारोह में गौरव श्रीवास्तव, महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज ने परेड की सलामी ली। परेड का नेतृत्व रिजर्व पुलिस लाइन उदयपुर के पुलिस निरीक्षक गुलाब सिंह ने परेड कमांडर के रूप में किया।
परेड के पश्चात उत्कृष्ट सेवाओं एवं सराहनीय कार्यों के लिए पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर आईजी गौरव श्रीवास्तव एवं डॉ. अमृता दुहन, जिला पुलिस अधीक्षक उदयपुर द्वारा कुल 140 पुलिस अधिकारीगण एवं कार्मिकों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया।

इनमें—
03 पुलिसकर्मियों को सर्वोत्तम सेवा चिन्ह
48 को अति उत्तम सेवा चिन्ह
62 को उत्तम सेवा चिन्ह मय प्रशस्ति पत्र
07 पुलिसकर्मियों को पुलिस सेवा पदक
20 अधिकारी/कर्मचारियों को उनके साहसिक कार्यों के लिए सम्मान

इसके अतिरिक्त 07 आम नागरिकों एवं 04 सुरक्षा सखी, ग्राम रक्षक, सीएलजी व यूथ सीएलजी सदस्यों को भी उनके सराहनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। समारोह में उमेश ओझा (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर), गोपाल स्वरूप मेवाड़ा (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय) एवं लखमन राय (अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभय कमांड एंड कंट्रोल सेंटर) सहित जिले के वृताधिकारी, थानाधिकारी, अन्य पुलिस अधिकारीगण, कार्मिकगण एवं सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान आईजी गौरव श्रीवास्तव एवं एसपी डॉ. अमृता दुहन ने पुलिस बल के कार्यों की सराहना करते हुए सभी कार्मिकों का उत्साहवर्धन किया और भविष्य में आने वाली चुनौतियों का डटकर सामना करने का आह्वान किया। समारोह के उपरांत स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें डॉ. अमृता दुहन सहित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और कुल 63 यूनिट रक्तदान किया।

Exit mobile version