24 News Update उदयपुर। “पुलिस दिवस समारोह 2026” के आयोजन को लेकर उदयपुर पुलिस ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस मुख्यालय, राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार 16 अप्रैल 2026 को पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें सेरेमोनियल परेड के साथ उत्कृष्ट सेवाएं देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कार्मिकों को सम्मानित किया जाएगा।
समारोह में उदयपुर रेंज के महानिरीक्षक गौरव श्रीवास्तव मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे, जबकि जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन द्वारा पुलिस कार्मिकों को सर्वोत्तम, अति उत्तम एवं उत्तम सेवा चिन्ह प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम के पश्चात पुलिस अधिकारियों व कार्मिकों के लिए रक्तदान शिविर का आयोजन भी किया जाएगा।
पुलिस दिवस के अवसर पर आमजन, विशेषकर युवाओं को पुलिस से जोड़ने और उन्हें पुलिस कार्यप्रणाली से अवगत कराने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में 15 अप्रैल को शाम 6 बजे शहर के प्रमुख स्थल फतहसागर झील की पाल पर उदयपुर पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रभक्ति गीतों की धुनों का वादन किया जाएगा, जिससे आमजन में देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहन मिलेगा।
इसके अलावा 15 अप्रैल को प्रातः 11 बजे राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, रेजीडेंसी मधुबन में स्कूली छात्र-छात्राओं के लिए क्विज प्रतियोगिता आयोजित होगी। वहीं शाम 7 बजे पुलिस लाइन में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
पुलिस दिवस 2026: फतहसागर की पाल पर गूंजेंगी देशभक्ति धुनें, 16 अप्रैल को मुख्य समारोह

Advertisements
