Site icon 24 News Update

अवैध हथियार तस्करी पर पुलिस की सख्त कार्रवाई: पिस्टल व कारतूस सहित दो शातिर आरोपी गिरफ्तार

Advertisements

24 News Update बालोतरा। जिले में अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गिड़ा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पकड़े गए दोनों आरोपी चोरी के कई मामलों में विभिन्न जिलों में वांछित बताए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक रमेश ने बताया कि विशेष अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरफूलसिंह और वृत्ताधिकारी विकास कुमार के निर्देशन में थानाधिकारी दलपतसिंह के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने दानपुरा होदी क्षेत्र में दबिश दी, जहां संदिग्धों ने पुलिस को देखकर भागने का प्रयास किया, लेकिन पीछा कर दोनों को पकड़ लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनके पास अवैध हथियार होने के कारण वे पुलिस से बचने की कोशिश कर रहे थे। तलाशी के दौरान एक आरोपी के पास से अवैध पिस्टल और दूसरे के पास से दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इस संबंध में भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी अशोक उर्फ अशु विभिन्न जिलों में चोरी के एक दर्जन मामलों में वांछित है, जबकि उसका साथी खुमाराम भी चोरी के मामलों में फरार चल रहा था। दोनों के आपराधिक नेटवर्क और हथियारों की सप्लाई के स्रोत को लेकर पुलिस गहन पूछताछ कर रही है।

Exit mobile version