Site icon 24 News Update

अवैध विदेशी पिस्टल के साथ एक आरोपी गिरफ्तार, मोतीचोहट्टा स्थित ज्वेलरी शॉप से हथियार जब्त, घंटाघर थाना पुलिस की कार्रवाई

Advertisements

24 News Update उदयपुर। उदयपुर पुलिस ने अवैध हथियारों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए मोतीचोहट्टा स्थित आशा ज्वेलर्स के संचालक को एक विदेशी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान फतेहलाल सोनी पुत्र रामविलास सोनी (उम्र 53 वर्ष) निवासी मोतीचोहट्टा, हाल निवासी देवाली, अंबामाता, उदयपुर के रूप में हुई है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना घंटाघर पुलिस ने किया, जो पुलिस महानिरीक्षक, उदयपुर रेंज श्री गौरव श्रीवास्तव तथा जिला पुलिस अधीक्षक श्री योगेश गोयल के निर्देशों पर चलाए जा रहे अवैध हथियार विरोधी अभियान का हिस्सा है। अभियान की निगरानी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री उमेश ओझा एवं वृत्ताधिकारी नगर पश्चिम श्री कैलाश चंद्र द्वारा की जा रही थी।
घंटाघर थाना अधिकारी श्री सुनील शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने आसूचना के आधार पर आशा ज्वेलर्स पर दबिश दी। तलाशी के दौरान दुकान संचालक फतेहलाल सोनी के कब्जे से एक विदेशी पिस्टल व दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी द्वारा किसी प्रकार का वैध शस्त्र लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान फतेहलाल सोनी (पुत्र रामविलास सोनी, उम्र 53 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मोतीचोहट्टा, घंटाघर, जिला उदयपुर का निवासी है और वर्तमान में 417, महादेव मंदिर के पास वाली गली, देवाली, अंबामाता, जिला उदयपुर में रह रहा है। इस कार्रवाई को घंटाघर थानाधिकारी श्री सुनील शर्मा के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, जिसमें सहायक उप निरीक्षक श्री अर्जुनलाल, कॉन्स्टेबल श्री सोहन सिंह और श्री विपेन्द्र सिंह भी शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि उदयपुर जिले में अवैध हथियारों की तस्करी और अवैध कब्जे पर निगरानी और धरपकड़ की कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी। आमजन से भी अपील की गई है कि वे इस प्रकार की संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को तत्काल दें ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Exit mobile version