उदयपुर। अवैध शराब परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत राजस्थान पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पाटिया थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 49 कार्टन अंग्रेजी शराब और एक महिंद्रा एक्सयूवी-500 कार जब्त की है, जबकि आरोपी चालक मौके से फरार हो गया।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल एवं वृत्ताधिकारी ऋषभदेव राजीव राहर के सुपरविजन में थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह राव के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने 18 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर गांव कनबई तिराहा पर नाकाबंदी कर कार्रवाई को अंजाम दिया।
नाकाबंदी के दौरान सिल्वर रंग की महिंद्रा XUV-500 (नंबर GJ01RJ8744) को रुकवाने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ने वाहन को तेज गति से भगाने की कोशिश की। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर एक इलेक्ट्रिक पोल से टकरा गई। दुर्घटना के बाद चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।
वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 25 कार्टन बीयर एवं 24 कार्टन विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब, कुल 49 कार्टन (588 बोतल) बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये तथा वाहन की कीमत करीब 8 लाख रुपये आंकी गई है। इस प्रकार कुल 12 लाख रुपये का माल जब्त किया गया है।
इस कार्रवाई में टीम प्रभारी देवेन्द्र सिंह राव के साथ उप निरीक्षक प्रभुलाल, वाहिद हुसैन, हेड कांस्टेबल हितेश तथा कांस्टेबल सोहनलाल, कैलाश, प्रेमपाल, रणजीत, पोपट लाल, महेन्द्र, महेन्द्र सिंह, घनश्याम सिंह एवं ईश्वर लाल शामिल रहे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और अवैध शराब नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

