Site icon 24 News Update

डूंगरपुर के पीठ वार्ड में पंचायत उपचुनाव स्थगित: नामावली में गड़बड़ी पर कांग्रेस प्रत्याशी की आपत्ति के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी का फैसला

Advertisements

24 News Update डूंगरपुर। जिले में शनिवार को चल रहे पंचायत उपचुनाव के दौरान जिला परिषद की पीठ सीट पर बड़ा प्रशासनिक निर्णय सामने आया। निर्वाचन नामावली में गड़बड़ी की शिकायत के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी अंकित कुमार सिंह ने पीठ वार्ड संख्या 9 के उपचुनाव को शून्य घोषित कर दिया है। इस फैसले के चलते रविवार को यहां मतदान नहीं हुआ, जबकि निर्वाचन विभाग ने मतदान की पूरी तैयारियां कर ली थीं और मतदान दल अपने-अपने केंद्रों पर भी पहुंच चुके थे।

गड़बड़ी क्या थी?
कांग्रेस प्रत्याशी ने शिकायत में बताया कि पीठ वार्ड में किसी अन्य जिला परिषद वार्ड के एक राजस्व गांव को शामिल कर दिया गया, जिससे मतदाता सूची में गंभीर त्रुटि उत्पन्न हुई। इसे संज्ञान में लेते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी ने उपचुनाव प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया।

कुआं और बनकोड़ा सीट पर मतदान जारी
दूसरी ओर, जिला परिषद की कुआं सीट और आसपुर पंचायत समिति की बनकोड़ा सीट पर उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्वक जारी है। दोनों सीटों के 53 मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाता मतदान के लिए पहुंचने लगे। दोपहर में बढ़ती गर्मी के कारण अधिकांश मतदाता सुबह के समय ही मतदान केंद्रों का रुख कर रहे हैं। चौरासी विधायक अनिल कटारा ने भी मतदान किया और बीएपी की जीत का दावा किया।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण बनाने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। मतदान केंद्रों पर निर्वाचन विभाग ने चाक-चौबंद व्यवस्थाएं की हैं। कुआं और बनकोड़ा सीटों पर भाजपा, कांग्रेस और भील प्रदेश पार्टी (बीएपी) के बीच त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है।

Exit mobile version