Site icon 24 News Update

ऑपरेशन चक्रव्यूह की बड़ी सफलता: प्रतापगढ़ पुलिस ने ₹5 करोड़ की एमडी ड्रग जब्त की, एक तस्कर गिरफ्तार

Advertisements

नाकाबंदी तोड़कर भाग रहे आरोपी के बैग से मिली 2 किलो 227 ग्राम एमडी; अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश

24 News Update प्रतापगढ़। जिला पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत प्रतापगढ़ पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। डीएसटी टीम और थाना हथुनिया पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब ₹5 करोड़ मूल्य की 2 किलो 227 ग्राम एमडी (मेथ) ड्रग बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि शुक्रवार, 31 अक्टूबर को पुलिस उप अधीक्षक वृत्त प्रतापगढ़ गजेन्द्र सिंह राव के मार्गदर्शन में डीएसटी टीम एवं थानाधिकारी हथुनिया इन्द्रजीत परमार मय जाप्ते के साथ बागलिया से बरोठा मार्ग पर नाकाबंदी कर रहे थे। इस दौरान एक बिना नंबरी अपाचे मोटरसाइकिल तेज गति से आती दिखाई दी। पुलिस ने चालक को रुकने का संकेत दिया, लेकिन उसने नाकाबंदी तोड़कर भागने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार व्यक्ति ने अपना नाम अकबर पठान पुत्र डेरान खान (40), निवासी कोटड़ी बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से 2 किलो 227 ग्राम एमडी ड्रग बरामद हुई। पूछताछ में अकबर ने खुलासा किया कि वह यह मादक पदार्थ बदरू उर्फ पीर मोहम्मद निवासी बागलिया से लेकर आया था और इसे नयुम पुत्र नमरोज खान पठान निवासी कोटड़ी को देने जा रहा था।
पुलिस ने बिना अनुज्ञापत्र मादक पदार्थ के परिवहन पर अकबर पठान को गिरफ्तार कर लिया तथा ड्रग और बिना नंबरी मोटरसाइकिल जब्त की। इस संबंध में थाना हथुनिया पर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच का कार्य थानाधिकारी अरनोद हजारीलाल को सौंपा गया है।
प्रकरण में मुख्य आरोपी अकबर खान के अलावा बदरू उर्फ पीर मोहम्मद और नयुम को भी नामजद किया गया है। पुलिस अब इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के ड्रग नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने के लिए गहन जांच कर रही है। इस कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी एएसआई पन्नालाल, कांस्टेबल विनोद कुमार, नरेन्द्र सिंह, पंकज, संदीप कुमार, हेमेन्द्र, तथा साइबर सेल प्रतापगढ़ के कांस्टेबल रमेशचंद्र की विशेष भूमिका रही।

Exit mobile version