24 News Update निंबाहेड़ा (कविता पारख)। फाल्गुन मास की पूर्णिमा पर होली के पावन अवसर पर श्री जैन दिवाकर कमल गौशाला के समीप स्थित श्री निमड़िया भैरव देव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं फागोत्सव का भव्य आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर सैंकड़ों की संख्या में श्री भैरव भक्त मंदिर परिसर में उपस्थित रहे। दीपक वैष्णव एवं पंडित शम्भूनाथ द्वारा विधिविधान से पूजा-अर्चना संपन्न कराई गई तथा श्री भैरव देव की महाआरती की गई। आरती के पश्चात श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर सुख-समृद्धि, शांति एवं मंगलकामनाओं की प्रार्थना की।
होली के पावन पर्व पर भक्तों ने श्री भैरव देव के साथ श्रद्धा एवं मर्यादा के साथ फागोत्सव खेला। गुलाल एवं पुष्पों से वातावरण रंगमय हो उठा और मंदिर परिसर भक्तिमय एवं उत्सवी माहौल से सराबोर हो गया। भजन-कीर्तन एवं फाग गीतों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए।
निंबाहेड़ा नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्तजन कार्यक्रम में शामिल हुए। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, उल्लास और सांस्कृतिक परंपरा का सुंदर संगम देखने को मिला, जिससे मंदिर परिसर में आध्यात्मिक ऊर्जा और आनंद का वातावरण व्याप्त रहा।
फाल्गुन पूर्णिमा पर होली के पावन अवसर पर श्री निमड़िया भैरव देव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं फागोत्सव का आयोजन

Advertisements
