उदयपुर, 1 मई। उदयपुर जिले की ओगणा थाना पुलिस ने घर में घुसकर लूट और नकबजनी की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए तीन बकरे, मोबाइल फोन और चांदी का कड़ा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 15 अप्रैल 2026 को प्रार्थी बदाराम पुत्र रताजी निवासी वासखेड़ा फला डूंगरी, थाना ओगणा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि देर रात करीब 1:30 बजे तीन अज्ञात बदमाश उसके केलूपोश मकान में घुस आए। आरोपियों ने उसे बंधक बनाकर घर में रखी एक क्विंटल मक्का, तीन क्विंटल गेहूं, तीन बकरे, चार बकरियां, मोबाइल फोन तथा 250-250 ग्राम वजन के चांदी के हाथ कड़े चोरी कर लिए।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने पास में बने उसके छोटे पुत्र रामलाल के मकान से करीब 20 जोड़ी नए कपड़े और बड़े पुत्र रूपलाल के निर्माणाधीन मकान के कमरों की चाबियां भी चुरा लीं। मामले में ओगणा थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस टीम ने तकनीकी और स्थानीय सूचना के आधार पर पकड़े आरोपी
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल एवं वृत्ताधिकारी झाड़ोल विवेक सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी रामरूप मीणा के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में चूना पुत्र वेला (37), तेजा पुत्र मानाराम (42) तथा फागणा पुत्र माना (31) निवासी पाटिया, थाना ओगणा शामिल हैं।
चोरी का सामान बरामद, आरोपियों को भेजा जेल
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए तीन बकरे, एक मोबाइल फोन और हाथ में पहनने वाला चांदी का कड़ा बरामद किया है। पूछताछ और अनुसंधान के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
टीम की रही विशेष भूमिका
पूरे मामले के खुलासे में हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, कांस्टेबल हिम्मतराम, गणपत सिंह और मुरलीधर की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष रूप से कांस्टेबल हिम्मतराम की कार्रवाई में अहम भूमिका बताई गई है।

