Site icon 24 News Update

मेहंदी नगरी सोजत की नई पहचान: अत्याधुनिक रेलवे स्टेशन की ओर बढ़ते कदम

Advertisements

24 News Update पाली। राजस्थान के पाली जिले में स्थित सोजत अब केवल अपनी विश्वप्रसिद्ध मेहंदी के लिए ही नहीं, बल्कि जल्द ही एक अत्याधुनिक रेलवे स्टेशन के लिए भी पहचाना जाएगा। ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से समृद्ध सोजत, जो “मेहंदी शहर” के नाम से देशभर में प्रसिद्ध है, अब आधुनिक रेलवे सुविधाओं के नए दौर में प्रवेश कर रहा है।
सोजत रोड रेलवे स्टेशन, जो ऐतिहासिक सोजत शहर से करीब 10-15 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तेजी से नया स्वरूप ले रहा है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार स्टेशन के पुनर्विकास पर लगभग 21.20 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं और कुल कार्य का करीब 85 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो चुका है।
भारतीय रेल के आधुनिकीकरण अभियान के अंतर्गत सोजत रोड स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक बदलाव किए जा रहे हैं। प्लेटफॉर्म नंबर 1 और 2 पर कोटा स्टोन टाइल्स लगाने का कार्य पूरी तरह संपन्न हो चुका है। धूप और बारिश से राहत देने के लिए प्लेटफॉर्म पर 10-बे वाला नया शेल्टर तैयार किया गया है, वहीं लगभग 11 हजार वर्गमीटर क्षेत्र में प्लेटफॉर्म सरफेसिंग का कार्य भी पूरा किया जा चुका है।
यात्रियों की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए प्लेटफॉर्म के दोनों सिरों पर ‘काउ कैचर’ लगाए जा रहे हैं। स्टेशन पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त 75 वर्गमीटर का विशाल वेटिंग हॉल तैयार किया गया है। इसके अलावा नई लिफ्ट और फुट ओवर ब्रिज का निर्माण कार्य भी तेज गति से चल रहा है, जिसका लगभग 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है।
डिजिटल सुविधाओं के तहत स्टेशन पर आधुनिक कोच पोजिशन डिस्प्ले सिस्टम, डिजिटल साइनेज और उन्नत पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम लगाए जा रहे हैं। स्टेशन को पूरी तरह दिव्यांगजन अनुकूल बनाया जा रहा है, जिसके तहत कम ऊंचाई वाले टिकट काउंटर, विशेष वाटर बूथ और समर्पित पार्किंग सुविधा विकसित की गई है। प्रवेश द्वार पर मानक रैंप निर्माण का कार्य भी प्रगति पर है।
स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार और सर्कुलेटिंग एरिया का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। पार्किंग क्षेत्र में फेंसिंग और मार्किंग का कार्य शीघ्र पूरा होने की उम्मीद है, जबकि रिफ्रेशमेंट रूम और फूड प्लाजा का लगभग 60 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
सोजत रोड स्टेशन का पुनर्विकास अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है और शेष कार्यों को गुणवत्ता के साथ युद्धस्तर पर पूरा किया जा रहा है। जल्द ही यह स्टेशन अपने नए आधुनिक स्वरूप में जनता को समर्पित किया जाएगा।
इस परियोजना से न केवल यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी। मेहंदी की खुशबू से पहचाने जाने वाले सोजत की पहचान अब आधुनिक रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ और भी मजबूत होने जा रही है।

Exit mobile version