Site icon 24 News Update

नई सेंट्रल जेल : 100 एकड़ में बनेगी हाई-सिक्योरिटी जेल, क्षमता होगी दोगुनी से भी ज्यादा

Advertisements

24 News Udpate उदयपुर। राजस्थान बजट में नई सेंट्रल जेल की घोषणा के बाद उदयपुर को वर्षों से लंबित इस अहम परियोजना की सौगात मिलने जा रही है। करीब 10 साल से अटकी योजना अब जमीन चयन के चरण में तेजी से आगे बढ़ेगी। प्रस्तावित जेल के लिए अहमदाबाद हाईवे पर काया-बलीचा क्षेत्र में लगभग 100 एकड़ भूमि की तलाश शुरू की जा रही है। नई जेल बनने के बाद उदयपुर की जेल व्यवस्था को बड़ा विस्तार मिलेगा और वर्तमान में बनी भीड़ की समस्या से राहत मिलेगी।
उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) को जेल निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने की जिम्मेदारी दी गई है। यूडीए अब अहमदाबाद हाईवे की ओर बलीचा और काया क्षेत्र में जमीन देखेगा, जिसे जेल विभाग के लिए सुविधाजनक माना जा रहा है। यूडीए कमिश्नर राहुल जैन ने बताया कि जल्द ही टीम मौके पर जाकर भूमि का सर्वे कर आवश्यक प्रक्रिया शुरू करेगी।
इससे पहले शहर से करीब 17 किलोमीटर दूर लकड़वास में 21.6 हेक्टेयर (करीब 86 बीघा) जमीन चिन्हित की गई थी, लेकिन क्षेत्र के अत्यधिक सुनसान और दूर होने के कारण योजना आगे नहीं बढ़ सकी। बाद में उमरड़ा क्षेत्र में जमीन देखने की प्रक्रिया शुरू हुई, मगर वहां परमाणु ऊर्जा विभाग के प्रस्तावित प्रोजेक्ट के चलते मामला अटक गया। अब एक बार फिर नई जगह की तलाश तेज कर दी गई है।
नई सेंट्रल जेल को अजमेर की हाई-सिक्योरिटी जेल और बीकानेर की अत्याधुनिक सेंट्रल जेल से भी अधिक उन्नत और सुरक्षित बनाया जाएगा। फिलहाल उदयपुर की सेंट्रल जेल में 935 बंदियों की क्षमता है, लेकिन हाल के महीनों में यहां करीब 1200 से अधिक बंदी रखे गए, जिससे व्यवस्थाओं पर दबाव बढ़ गया। प्रस्तावित नई जेल में 2000 से अधिक बंदियों को रखने की क्षमता विकसित की जाएगी।
इधर, शहर के बीच स्थित कोर्ट को भी दक्षिण विस्तार क्षेत्र में आवंटित भूमि पर शिफ्ट करने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। बजट स्वीकृति के साथ कोर्ट निर्माण कार्य शुरू होगा। वहीं, नई जेल के निर्माण के बाद उदयापोल बस स्टैंड से पुलिस लाइन मार्ग पर स्थित वर्तमान सेंट्रल जेल की भूमि यूडीए को सौंपे जाने की संभावना है। यदि ऐसा होता है तो इस बहुमूल्य जमीन पर भविष्य में बड़े कॉमर्शियल प्रोजेक्ट विकसित किए जा सकते हैं। हालांकि इस पर अंतिम निर्णय सरकार के सक्षम स्तर पर लिया जाएगा।

Exit mobile version