24 न्यूज अपडेट, नेशनल डेस्क। शिलांग में लापता सोनम रघुवंशी और मृत पाए गए ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी से जुड़ा एक नया और अहम CCTV फुटेज सामने आया है, जो 22 मई का है। फुटेज में दोनों होटल के बाहर नजर आते हैं। सोनम ने जिस लाल और नीले रंग की जैकेट को पहना था, वैसी ही खून से सनी जैकेट राजा के शव के पास खाई में मिली थी। पुलिस अब इस फुटेज को मामले की कड़ी से जोड़कर जांच को आगे बढ़ा रही है।
फुटेज में दिखी आखिरी झलक
करीब 4 मिनट 53 सेकंड के इस फुटेज में सोनम और राजा एक मोपेड से होटल पहुंचते हैं, जो बाद में लावारिस हालत में बरामद हुई थी। सोनम होटल के बाहर खड़ी होकर अपनी जैकेट उतारती है, फिर दोनों होटल के अंदर जाते हैं और कुछ देर बाद वापस बाहर निकल जाते हैं। यही जैकेट 2 जून को राजा के शव के पास जंगल में मिली थी, जिस पर खून के निशान थे।
20 मई को हनीमून पर निकले थे
राजा और सोनम की शादी 11 मई को इंदौर में हुई थी। 20 मई को वे हनीमून पर रवाना हुए। दोनों इंदौर से बेंगलुरु होते हुए गुवाहाटी पहुंचे और कामाख्या देवी मंदिर दर्शन के बाद 23 मई को शिलांग पहुंचे।
शुरुआत में परिवार की बातचीत होती रही, लेकिन 24 मई से दोनों के मोबाइल बंद हो गए। संपर्क न होने पर परिवार के सदस्य गोविंद (सोनम के भाई) और विपिन (राजा के भाई) शिलांग पहुंचे और पुलिस के साथ तलाश में जुट गए।
राजा का शव खाई में मिला, सोनम अब भी गायब
2 जून को राजा का शव एक गहरी खाई में मिला। शव से कुछ दूरी पर वही लाल-नीली जैकेट मिली, जो अब CCTV फुटेज में सोनम पहने दिख रही है। हालांकि, सोनम का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है।
परिवार ने CBI जांच की मांग की
राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने बताया कि उन्होंने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर CBI जांच की मांग की है। उनका कहना है कि मेघालय पुलिस की जांच से उन्हें न्याय की उम्मीद नहीं है। सोनम के भाई गोविंद फिलहाल शिलांग में ही रुके हुए हैं, जबकि परिवार की बाकी सदस्य इंदौर लौट चुके हैं। सोनम के पिता पैरालाइज्ड हैं। परिवार की सिर्फ एक ही आस बची है — सोनम सकुशल वापस लौट आए।
शिलांग होटल के बाहर सोनम-राजा का नया CCTV फुटेज सामने आया: खून से सनी जैकेट जैसी जैकेट में दिखीं सोनम, अब तक लापता

Advertisements
