24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। उदयपुर जिले के वल्लभनगर क्षेत्र के तारावट गांव में रविवार शाम कुदरत का कहर टूटा, जब तेज बारिश और गर्जना के बीच आकाशीय बिजली गिरने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में तीन बकरियां भी मौके पर ही मर गईं।
सूचना के अनुसार, टमुबाई (44) पत्नी लोगर गाडरी और कंकूबाई (50) पत्नी भाना गाडरी अपने गांव के पास स्थित खेत में बकरियां चराने गई थीं। अचानक बदलते मौसम ने उन्हें घेर लिया। तेज गर्जना और आसमान में काले बादलों के बीच बारिश से बचने के लिए दोनों महिलाएं पास के खेत में एक पेड़ के नीचे शरण लेने लगीं। तभी अचानक जोरदार बिजली गिरने से टमुबाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कंकूबाई गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल कंकूबाई के होश में आते ही उसने मदद के लिए शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़कर वहां पहुंचे। तुरंत ही दोनों महिलाओं को नजदीकी वल्लभनगर सैटेलाइट हॉस्पिटल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने टमुबाई को मृत घोषित कर दिया। कंकूबाई का इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने मृतक महिला के शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में सुरक्षित रखवाया है और पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के सरपंच भेरूलाल गुर्जर, पूर्व सरपंच भेरूलाल जाट और कई ग्रामीण हॉस्पिटल पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में अक्सर अचानक मौसम बदलने से जान-माल का नुकसान होता है, लेकिन इस बार का हादसा बेहद दुखद और अप्रत्याशित था।

