24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम (छफ।ै) के अंतर्गत जिले के मावली ब्लॉक स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुडली का 19 एवं 20 सितम्बर को भारत सरकार की राष्ट्रीय गुणवत्ता टीम ने निरीक्षण किया।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शंकर एच. बामनिया ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मावली को राज्य स्तर पर गुणवत्ता आश्वासन प्रमाणन प्राप्त होने के बाद राज्य सरकार ने इसे राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणीकरण के लिए भारत सरकार को प्रस्तावित किया था। इसी क्रम में भारत सरकार की ओर से डॉ. रुचि गुप्ता एवं डॉ. सुरुचि सिन्हा ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया।
दो दिनों तक चली इस प्रक्रिया में टीम ने केंद्र के सभी छह विभागों का मूल्यांकन भारत सरकार द्वारा निर्धारित चेकलिस्ट के आधार पर किया। इसमें अस्पताल की साफ-सफाई, बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट, निःशुल्क जांच एवं दवा वितरण, उपकरणों की उपलब्धता, मानव संसाधन और अन्य मानकों की विस्तृत समीक्षा की गई। अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रागिनी अग्रवाल ने बताया कि निरीक्षण के दौरान केंद्र प्रभारी डॉ. मनीष पंवार एवं उनकी टीम ने सभी मापदंडों को विस्तारपूर्वक रिकॉर्ड सहित प्रस्तुत किया और पूछे गए प्रश्नों के उत्तर आत्मविश्वासपूर्वक दिए। खण्ड मुख्य चिकित्सा अधिकारी मावली डॉ. मनोहर सिंह यादव ने टीम का आभार व्यक्त करते हुए आश्वासन दिया कि गुडली केंद्र की सेवाओं में निरंतर सुधार जारी रहेगा तथा मावली क्षेत्र के अन्य स्वास्थ्य संस्थानों को भी राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित कराने के प्रयास किए जाएंगे। जिला स्तर से डॉ. शुभम गोयल, डॉ. पीयूष व्यास, गणेश चौधरी, सुनील शर्मा एवं ब्लॉक टीम से डॉ. जयंत खण्डेलवाल, डॉ. भूपेंद्र जनवा, सीएचओ गोपाल जाट, नरेंद्र सिंह, मोनिका जैन, गीता, अनीता सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे। निरीक्षण में नर्सिंग अधिकारी, लैब टेक्नीशियन, एलएचवी, एएनएम एवं आशा सहयोगिनियों ने भी सक्रिय सहयोग दिया।
गौरतलब है कि राष्ट्रीय स्तर से प्रमाणीकरण प्राप्त होने पर संस्थान को प्रमाण पत्र के साथ पारितोषिक स्वरूप तीन वर्षों तक प्रतिवर्ष तीन लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे, जिसका उपयोग स्वास्थ्य केंद्र की सुविधाओं के उन्नयन में किया जाएगा।
नेशनल क्वालिटी टीम ने किया प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र गुडली (मावली) का निरीक्षण

Advertisements
