Site icon 24 News Update

22 मोबाइल और नकदी की वारदात में नाबालिग डिटेन, 6 मोबाइल बरामद

Advertisements

बांसवाड़ा। जिले के कसारवाड़ी थाना क्षेत्र के डूंगरा छोटा कस्बे में हुई मोबाइल शॉप चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। राजस्थान पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत किशोर को डिटेन कर उसके कब्जे से चोरी किए गए 6 मोबाइल बरामद किए हैं। कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी के निर्देशन में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।

ताला तोड़कर ले गए थे 22 मोबाइल

डूंगरा छोटा निवासी प्रहलाद (37) पुत्र कालुसिंह दांतला ने 16 फरवरी को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दाहोद रोड स्थित उनकी मोबाइल दुकान के ताले टूटे मिले। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था। अज्ञात बदमाश रात के अंधेरे में सेंधमारी कर करीब 22 मोबाइल फोन, 3 हजार रुपये नकद और मोबाइल एसेसरीज चोरी कर ले गए थे।

मनोवैज्ञानिक पूछताछ में स्वीकारा अपराध

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निर्भय सिंह राणावत के नेतृत्व में टीम गठित की गई। अनुसंधान के दौरान मुखबिर सूचना और संदेह के आधार पर एक नाबालिग को डिटेन कर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की गई। पूछताछ में किशोर ने वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर 6 मोबाइल बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार किशोर 12वीं कक्षा का छात्र है।

फरार आरोपी की तलाश जारी

पुलिस अब वारदात में शामिल अन्य साथियों और शेष चोरीशुदा माल की बरामदगी के लिए पूछताछ कर रही है। एक फरार आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का पूर्ण खुलासा कर दिया जाएगा।

Exit mobile version