24 News update udaipur उद्योग एवं वाणिज्य, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार, युवा मामले एवं खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ ने शनिवार को नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी मंदिर में राजभोग झांकी के दर्शन कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे। मंदिर मंडल पदाधिकारियों ने परंपरानुसार समाधान पद्धति से मंत्री राठौड़ का स्वागत किया। श्रीकृष्ण भंडार के अधिकारी सुधाकर शास्त्री ने उन्हें उपरना व रजाई ओढ़ाकर प्रसाद भेंट किया।
राजसमंद के दो दिवसीय दौरे पर आए राठौड़ ने कहा कि श्रीनाथजी के दर्शन कर उन्होंने प्रदेश और देश के सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की है। इसके साथ ही उन्होंने जिले के मेधावी विद्यार्थियों के कार्यक्रम में भाग लेकर उन्हें प्रोत्साहित किया।
उन्होंने मार्बल व्यवसायियों से भी संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कहा कि यहां के प्रसिद्ध मार्बल को जीआई टैग दिलाने के लिए सरकार गंभीर प्रयास करेगी। राठौड़ ने कहा कि राजसमंद के पहलवानों ने भी उनसे भेंट की है, और उनके प्रशिक्षण व विकास के लिए एक आधुनिक एकेडमी स्थापित करने की योजना पर काम किया जाएगा।
देश में मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर मंत्री राठौड़ ने कहा कि भारत ने हर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। आज पूरा विश्व भारत को एक शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में देख रहा है, और इसमें आम जनता की अहम भूमिका है। उन्होंने जनता से अपील की कि आने वाले वर्षों में भी सरकार को इसी प्रकार समर्थन देकर ’21 और 31 का शगुन’ दें, ताकि विकास की यह गति बनी रहे।

