Site icon 24 News Update

पहाड़ा स्कूल में एनएसएस शिविर में दिया नशा मुक्ति से डिजिटल जागरूकता का संदेश

Advertisements

24 News Update उदयपुर। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की इकाई-I एवं इकाई-II के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को महात्मा गांधी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, पहाड़ा में एकदिवसीय शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों को सामाजिक कुरीतियों, डिजिटल लत और पर्यावरण संरक्षण जैसे अहम विषयों पर जागरूक किया गया।
कार्यक्रम का प्रथम सत्र प्रातः 11:30 बजे एनएसएस इकाई-I द्वारा आयोजित किया गया। इस सत्र में नशा मुक्ति एवं ड्रग्स के दुरुपयोग की रोकथाम विषय पर प्रभावी जागरूकता कार्यक्रम हुआ। स्वयंसेवकों ने विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए नशा-मुक्त समाज निर्माण का आह्वान किया।
द्वितीय सत्र दोपहर 1:00 बजे एनएसएस इकाई-II के नेतृत्व में आयोजित किया गया, जिसमें मोबाइल फोन एवं ऑनलाइन गेमिंग की बढ़ती लत पर मार्गदर्शन दिया गया। इस सत्र में विद्यार्थियों को डिजिटल उपकरणों के संतुलित उपयोग, समय प्रबंधन तथा पढ़ाई और जीवन में अनुशासन के महत्व को सरल उदाहरणों के माध्यम से समझाया गया।
दोनों सत्रों के पश्चात विद्यालय एवं महाविद्यालय परिसर में वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। एनएसएस स्वयंसेवकों एवं विद्यालय स्टाफ ने मिलकर पौधारोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्रधानाचार्या डॉ. सीमा आमेठा सहित स्टाफ सदस्य विवेक साल्वी, गणेश डांगी, सुलोचना जैन, रोहित उपाध्याय, गजेंद्र सिसोदिया तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
विशेष रूप से डॉ. स्नेहा सिंह, डॉ. कल्पेश निकावत, डॉ. भाविक पानेरी एवं डॉ. पंकज शंकर लाल मीणा की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को और प्रभावशाली बनाया।

Exit mobile version