24 News Update उदयपुर। जिले में आयोजित 69वीं 14 वर्षीय जिला स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता में एम.डी.एस. पब्लिक स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एकल और दलीय दोनों ही स्पर्धाओं में जीत हासिल कर विद्यालय का नाम गर्व से रोशन किया।
दलीय स्पर्धा में एम.डी.एस. पब्लिक स्कूल के आर्जव जैन और पूर्वांश सरुप्रिया ने बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में एम.एम.पी.एस. को 2-0 से हराया। फाइनल मुकाबले में उन्होंने आक्रमक खेल दिखाते हुए सेंट पॉल्स को 2-0 से मात दी और खिताब पर कब्ज़ा जमाया।
एकल स्पर्धा में भी एम.डी.एस. के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। आर्जव जैन ने सी.पी.एस. स्कूल के दिव्यराज को कड़ी टक्कर के बाद 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। वहीं पूर्वांश सरुप्रिया ने सेंट पॉल्स के रुद्र को 3-0 से परास्त कर फाइनल में प्रवेश किया। रोमांचक फाइनल मुकाबले में आर्जव जैन ने पूर्वांश सरुप्रिया को 4-3 से हराकर व्यक्तिगत खिताब अपने नाम किया।
दोनों खिलाड़ियों का चयन अब राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। एम.डी.एस. पब्लिक स्कूल के निदेशक डॉ. शैलेन्द्र सोमानी और प्रधानाचार्य ने आर्जव जैन व पूर्वांश सरुप्रिया को हार्दिक बधाई दी। डॉ. सोमानी ने कहा कि यह सफलता अनुशासन, परिश्रम और आत्मविश्वास का परिणाम है और राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी वे विद्यालय और उदयपुर का नाम ऊँचा करेंगे।
9वीं 14 वर्षीय जिला स्तरीय लॉन टेनिस प्रतियोगिता में एम.डी.एस. पब्लिक स्कूल का दबदबा, एकल और दलीय दोनों स्पर्धाओं में खिताब पर कब्ज़ा

Advertisements
