24 News Update चंडीगढ़। पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट परिसर में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। इस हादसे में महिला अधिवक्ताओं के लिए आरक्षित लेडीज बार रूम और रूम नंबर 4 पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग इतनी तेज थी कि मुख्य बार रूम का एक हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और करीब 30 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन अध्यक्ष सरतेज सिंह नरूला ने बताया कि उन्हें सुबह करीब 4:45 बजे फोन पर सूचना मिली, जिसके बाद वे तत्काल मौके पर पहुंचे। आग लेडीज बार रूम में लगी थी और लपटें तेजी से फैल रही थीं। दमकल विभाग ने सुबह 5:15 बजे तक आग पर काबू पा लिया। नरूला ने बताया कि यदि समय पर आग नहीं बुझाई जाती तो मुख्य बार रूम और न्यायिक दस्तावेजों को भी भारी नुकसान हो सकता था। बार एसोसिएशन की ओर से जारी बयान में बताया गया कि इस हादसे में लगभग 35 लाख रुपये का अनुमानित नुकसान हुआ है। प्रभावित क्षेत्रों की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए वित्तीय सहयोग की अपील की गई है। दान राशि बार एसोसिएशन के अकाउंट्स ऑफिस में जमा करवाई जा सकती है। आग लगने के संभावित कारणों में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है। फिलहाल प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। सुरक्षा व्यवस्था की भी नए सिरे से समीक्षा की जा रही है। गौरतलब है कि पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का वर्तमान स्वरूप वर्ष 1966 में अस्तित्व में आया था, जिसका डिजाइन प्रसिद्ध वास्तुकार ली कोर्बुसिए ने तैयार किया था। अधिकारियों ने बताया कि दमकलकर्मियों की तत्परता के चलते हाईकोर्ट की ऐतिहासिक इमारत को बड़ा नुकसान होने से बचा लिया गया।
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट परिसर में भीषण आग, लेडीज बार रूम और रूम नंबर 4 जलकर खाक

Advertisements
