24 News Update जयपुर। स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने फर्जी दस्तावेजों के जरिए नौकरी हासिल करने वाले एक स्कूल लेक्चरर को गिरफ्तार किया है। आरोपी को गुरुवार सुबह कोर्ट में पेश कर 5 दिन के रिमांड पर लिया गया है।
एडीजी (एसओजी) विशाल बंसल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अशोक कुमार यादव (33), निवासी कालाडेरा-चौमूं, वर्तमान में शहीद गजराज सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दिवराला, श्रीमाधोपुर (सीकर) में कृषि विषय के व्याख्याता पद पर कार्यरत था। उसे बुधवार रात गिरफ्तार किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि राजस्थान लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित प्राध्यापक/व्याख्याता (कृषि विज्ञान) प्रतियोगी परीक्षा-2022 में आरोपी ने फर्जी शैक्षणिक योग्यता के आधार पर आवेदन किया था। जबकि निर्धारित पात्रता पूरी नहीं होने के बावजूद उसने खुद को योग्य दर्शाते हुए चयन प्राप्त कर लिया।
एसओजी को इस भर्ती में फर्जीवाड़े की शिकायत मिलने पर मार्च 2026 में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ने ओपीजेएस यूनिवर्सिटी के कुछ अधिकारियों से मिलीभगत कर बीएड (2020-22) और एमएससी एग्रीकल्चर (एग्रोनॉमी) 2018-20 की फर्जी मार्कशीट बैक डेट में तैयार करवाई और आवेदन में प्रस्तुत की। फिलहाल एसओजी आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस फर्जीवाड़े में और कौन-कौन शामिल हैं। जांच एजेंसी भर्ती प्रक्रिया से जुड़े अन्य संभावित मामलों की भी पड़ताल कर रही है।
एसओजी की बड़ी कार्रवाई: फर्जी मार्कशीट से बना लेक्चरर गिरफ्तार, 5 दिन के रिमांड पर भेजा, बैक डेट में तैयार किए दस्तावेज

Advertisements
