Site icon 24 News Update

एटीएस का बड़ा एक्शन: लोरेंस गैंग के गुर्गे सुनील मीणा का करीबी गिरफ्तार, घर में छिपा रखे थे जिंदा कारतूस

Advertisements

24 News Update जयपुर 09 मई। राजस्थान एटीएस ने संगठित अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लॉरेंस गैंग से जुड़े नेटवर्क पर शिकंजा कसते हुए एक युवक अनिल कुमार उर्फ मोंटी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी फरार गैंगस्टर सुनील कुमार मीणा उर्फ एस.के. के संपर्क में था, जिसे लॉरेंस गैंग का करीबी माना जात है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्री दिनेश एम. एन. के निर्देशन और महानिरीक्षक पुलिस श्री राजेश सिंह के सुपरविजन में की गई। पुलिस अधीक्षक श्री ज्ञानचंद यादव के नेतृत्व में गठित टीम को सूचना मिली थी कि आरोपी अनिल कुमार जाट उर्फ मोंटी हथियार तस्करी और गैंग से जुड़ी गतिविधियों में सक्रिय है।
जांच में सामने आया कि आरोपी जयपुर ग्रामीण के सामोद थाना क्षेत्र के बांसा कुशलपुरा का निवासी है और लंबे समय से फरार गैंगस्टर सुनील मीणा के संपर्क में था। सुनील मीणा मूलत करतारपुर ग्रामीण जालंधर का स्थाई निवासी है जो वर्तमान में भारत से बाहर फरारी काट रहा है। इसके विदेशी गैंगस्टरों, खासकर पाकिस्तान में बैठे अपराधियों से भी संपर्क होने की जानकारी मिली है।
एटीएस ने अन्य एजेंसियों के साथ समन्वय कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपने घर में कारतूस छिपाकर रखने की बात कबूल की। इसके बाद एटीएस ने जयपुर ग्रामीण पुलिस से समन्वय स्थापित किया।
सूचना के आधार पर सामोद थाना प्रभारी गोपीचन्द के नेतृत्व में उप निरीक्षक बाबूलाल मय टीम द्वारा पुलिस टीम ने आरोपी के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान मकान की सीढ़ियों में छिपाकर रखे गए 7 जिंदा कारतूस बरामद कर जब्त किए गए। आरोपी अनिल कुमार जाट उर्फ मोंटी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां अब उसके गैंग कनेक्शन, हथियारों के स्रोत और संभावित नेटवर्क की पड़ताल कर रही हैं।
एटीएस ने आमजन से अपील की है कि अवैध हथियारों के परिवहन, खरीद-फरोख्त या कब्जे से संबंधित किसी भी सूचना को हेल्पलाइन नंबर 0141-2610949 और व्हाट्सऐप नंबर 900001-999070 पर साझा करें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और उचित इनाम भी दिया जाएगा।

Exit mobile version