24 News Update कोटा। कोटा थर्मल पावर प्लांट में सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया, जब पाइपलाइन पर काम कर रहे मजदूर पर करीब 12 फीट लंबे अजगर ने अचानक हमला कर दिया। अजगर ने 53 वर्षीय मजदूर नंद सिंह के पैरों को कुंडली बनाकर इतनी मजबूती से जकड़ लिया कि वह वहीं गिर पड़े और दर्द से चीखने लगे।
सूचना के अनुसार, घटना सुबह करीब 11:30 बजे यूनिट-5 में तब हुई, जब कृष्ण इंजीनियरिंग ठेकेदार कंपनी में कार्यरत नंद सिंह वाल्व खोलने पहुंचे। क्षेत्र में लंबे समय से घास और झाड़ियों की साफ-सफाई नहीं होने से अजगर वहीं छिपा हुआ था। जैसे ही नंद सिंह आगे बढ़े, अजगर ने उन पर झपट्टा मार दिया। करीब 20 मिनट तक नंद सिंह अजगर की पकड़ से खुद को छुड़ाने का प्रयास करते रहे, पर अजगर की जकड़ ढीली नहीं हुई। उनकी चीख सुनकर पास में काम कर रहे मजदूर पहुंचे। उन्होंने डंडों और रस्सी की मदद से लगभग 10 मिनट की मशक्कत के बाद नंद सिंह को अजगर के चंगुल से मुक्त कराया।
मुक्त कराने के बाद कुछ मजदूरों ने अजगर पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसी दौरान सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और अजगर को रेस्क्यू कर अभेड़ा बायोलॉजी पार्क भेजा, जहां डॉक्टर उसकी देखभाल कर रहे हैं। कोटा DFO मुथु एस ने बताया कि अजगर वन्यजीव संरक्षण के अंतर्गत सुरक्षित प्रजाति है, इसलिए उसे घायल करने वाले मजदूरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
थर्मल प्लांट में बड़ा हादसा: 12 फीट अजगर ने मजदूर पर किया हमला, साथियों ने 30 मिनट बाद बचाया

Advertisements
