24 News Update उदयपुर। जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र के लोसिंग गांव में बुधवार सुबह एक खौफनाक घटना सामने आई, जहां खेत में फसल काट रहे वार्ड पंच किसान पर लेपर्ड ने हमला कर दिया। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद बंदरों के झुंड और ग्रामीणों के शोर से लेपर्ड भाग गया, जिससे किसान की जान बच गई। लोसिंग निवासी वार्ड पंच तुलसीराम पालीवाल (55) पुत्र हीरालाल पालीवाल सुबह करीब साढ़े 11 बजे अपने खेत में गेहूं की फसल की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान थकान महसूस होने पर वे छांव के लिए पेड़ के नीचे गए, तभी झाड़ियों में छिपे लेपर्ड ने अचानक पीछे से हमला बोल दिया। हमले के दौरान लेपर्ड ने उनकी गर्दन पर पंजा मारा और कपड़े भी फाड़ दिए। तभी वहां मौजूद बंदरों का झुंड अचानक सक्रिय हो गया और शोर मचाने लगा। दूसरी ओर पास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने भी शोर किया, जिससे लेपर्ड घबरा कर मौके से भाग गया।
हमले में तुलसीराम के हाथ और पीठ पर मामूली खरोंचें आई हैं। आसपास के ग्रामीण उन्हें तुरंत लोसिंग अस्पताल ले गए, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। तुलसीराम ने बताया कि अगर बंदरों का झुंड मौके पर नहीं आता तो जान बचना मुश्किल था।
वार्ड पंच पर लेपर्ड ने किया हमला, गर्दन पर मारा पंजा, बंदरों ने बचाई जान

Advertisements
