Site icon 24 News Update

लेम्पस कर्मचारियों ने प्रबंध निदेशक के नाम दिया ज्ञापन

Advertisements

24 News Update सागवाड़ा (जयदीप जोशी)। लेम्पस कर्मचारियों ने 20 अप्रैल 2026 को जारी बैंक प्रबंधन के आदेश के विरोध में प्रबंध निदेशक, दि डूंगरपुर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लि. के नाम ज्ञापन दिया।
ज्ञापन सागवाड़ा शाखा के शाखा प्रबंधक कैलाश उपाध्याय को दिया गया। ज्ञापन में कर्मचारियों ने बताया कि वे 27 फरवरी 2026 से पूर्व सूचना के साथ वैधानिक रूप से सामूहिक कार्यबहिष्कार पर हैं और इस संबंध में जिला प्रशासन, मुख्यमंत्री एवं बैंक प्रबंधन को पहले ही अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है। ज्ञापन में खातों के लेन-देन पर रोक, नो वर्क नो पे लागू करने और अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी को अनुचित एवं दमनात्मक बताया गया। कर्मचारियों का कहना है कि कार्यबहिष्कार के दौरान कार्य प्रभावित होना स्वाभाविक है, ऐसे में कर्मचारियों को व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार ठहराना न्यायोचित नहीं है। साथ ही पूर्व अवधि के वेतन एवं अन्य देयकों पर रोक को नियमों के विपरीत बताया गया है। कर्मचारियों ने अपनी प्रमुख मांगों को दोहराते हुए शीघ्र समाधान की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों का समाधान नहीं किया गया और दंडात्मक कार्रवाई जारी रही, तो कर्मचारी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। जिला अध्यक्ष केपी सिंह, सागवाड़ा ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार सिंह, हरेंद्र सिंह, गतुलाल रेबारी, ललित जोशी, महावीर सिंह, अजय जोशी, नवनीत शर्मा, केपी सिंह चूंडावत, भगवान लाल पाटीदार, सुखलाल यादव, रामचंद्र रेबारी, यलपेश बारोट, हार्दिक मेहता, जिंकल सिंह, हरि सिंह उपस्थित रहे।

Exit mobile version