24 News Update शम्भूगढ़. शम्भूगढ़ थाना क्षेत्र के गांगलास गांव में हुई सनसनीखेज चोरी की वारदात के 7 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं। पुलिस की सुस्त कार्यप्रणाली को लेकर ग्रामीणों में जबरदस्त नाराजगी है और क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। जानकारी के अनुसार शातिर चोरों ने गांगलास गांव में एक घर और दुकान को अपना निशाना बनाया। चोरों ने बड़ी चालाकी से घर के सभी कमरों को बाहर से बंद कर दिया ताकि कोई बाधा न आए। इसके बाद दुकान और घर के ताले तोड़कर भीतर प्रवेश किया और अलमारी के लॉकर तोड़कर कीमती सामान पर हाथ साफ किया। नकद करीब 5 हजार रुपए। दो जोड़ी जूते, एक घड़ी और एक गुल्लक, भारी मात्रा में घरेलू सामान। चोरी के दौरान जब एक ग्रामीण ने चोरों को रोकने का प्रयास किया, तो बदमाशों ने उसके साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की। घायल अवस्था में चोरों ने पीड़ित के गले से सोने की मादलिया और कानों से सोने की मुरकियां लूट लीं और मौके से फरार हो गए। घटना के 7 दिन बीत जाने के बावजूद शम्भूगढ़ पुलिस न तो चोरों की पहचान कर पाई है और न ही माल बरामद कर सकी है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की निष्क्रियता के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाई जाए और चोरी की वारदातों पर प्रभावी अंकुश लगाकर जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
गांगलास में लाखों की चोरी: 7 दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

Advertisements
