
24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। किशनपोल नवयुवक मंडल, उदयपुर द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले श्री गणपति महोत्सव एवं सांस्कृतिक समारोह का 36वाँ वर्ष 27 अगस्त 2025 से भव्य रूप में प्रारंभ होगा। मंडल के अध्यक्ष नारायणलाल सालवी ने बताया कि किशनपोल सालवी कॉलोनी, खांजीपीर स्थित श्री सिद्धि विनायक मंदिर प्रांगण में 54 फीट ऊंचे आकर्षक पंडाल का निर्माण आज विधिपूर्वक पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ किया गया।
सुबह 9.15 बजे, श्री गणपति जी एवं राड़ाजी बावजी की सेवा-पूजा कर कार्यकर्ताओं द्वारा पंडाल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। 27 अगस्त को इसी भव्य पंडाल में सवा सात फीट ऊंची, इको-फ्रेंडली फाइबर से निर्मित गणपति प्रतिमा को विधिविधान के साथ स्थापित किया जाएगा। अनंत चतुर्दशी के दिन प्रतिमा की शोभायात्रा निकाली जाएगी।
विशेष बात यह है कि इस प्रतिमा का विसर्जन पानी में नहीं किया जाएगा, बल्कि प्रतिमा को स्नान कराकर पुनः मंदिर में स्थापित किया जाएगा। यह पहल झीलों के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए एक सकारात्मक संदेश के रूप में की जा रही है। साथ ही देढ़ फीट ऊँची मिट्टी की प्रतिमा भी प्रतीकात्मक रूप से पूजा में रखी जाएगी, जिसका विसर्जन पारंपरिक रूप से किया जाएगा।
28 अगस्त से अगले 10 दिनों तक प्रतिदिन विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें भजन संध्या, सुन्दर कांड पाठ, गरबा रास, महिलाओं एवं बच्चों की नृत्य प्रतियोगिताएँ, प्रतिभा सम्मान कार्यक्रम तथा लोक नृत्य गवरी सहित अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ शामिल होंगी।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.