24 News Update जोधपुर। पुराने हाईकोर्ट परिसर में स्थित एनडीपीएस कोर्ट संख्या-1 के जज के चैम्बर की छत सोमवार सुबह गिर गई। सौभाग्य से इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन चैम्बर में रखा अधिकांश फर्नीचर और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, विशिष्ट न्यायाधीश मधुसूदन मिश्रा के कार्यालय का स्टाफ सोमवार सुबह कोर्ट पहुंचा। जब कोर्ट रूम और चैम्बर का दरवाजा खोला गया तो अंदर का नजारा चौंकाने वाला था—टी-टेबल का शीशा टूट चुका था, लगभग सारा फर्नीचर बिखर चुका था और उस पर भारी सीमेंट-बजरी के टुकड़े तथा गिरी हुई फॉल्स सीलिंग पड़ी थी। फॉल्स सीलिंग के साथ लगी लाइटें भी टूटकर फर्श पर बिखरी मिलीं।
मरम्मत कार्य तुरंत शुरू
घटना की सूचना मिलते ही कोर्ट प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और संबंधित विभाग को जानकारी दी। थोड़ी ही देर में मरम्मत दल वहां पहुंच गया और क्षतिग्रस्त हिस्सों की रिपेयरिंग शुरू कर दी। फिलहाल चैम्बर और कोर्ट रूम का सामान बाहर निकालकर मरम्मत कार्य कराया जा रहा है।
अवकाश के दौरान हुआ हादसा होने की संभावना
बताया जा रहा है कि यह हादसा शुक्रवार (8 अगस्त) के बाद शनिवार-रविवार की छुट्टियों के दौरान हुआ होगा। सोमवार सुबह कोर्ट खुलने पर इसका पता चला। निरीक्षण में सामने आया कि छत का प्लास्टर पहले से ही जर्जर हो चुका था और संरचना कमजोर थी। इस कारण पुराने हाईकोर्ट परिसर की अन्य इमारतों की भी जांच कराने की तैयारी की जा रही है ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
जोधपुर: पुराने हाईकोर्ट परिसर में एनडीपीएस कोर्ट जज के चैम्बर की छत गिरी, फर्नीचर क्षतिग्रस्त

Advertisements
