कविता पारख
24 News Update निंबाहेड़ा. निंबाहेड़ा एवं मांगरोल के यूनिट हेड मनीष तोषनीवाल एवं हेड एच. आर प्रभाकर मिश्रा के मार्गदर्शन में, सामाजिक सेवा उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत निंबाहेड़ा ब्लॉक के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत छात्र व छात्राओं का शिक्षा एवं खेलकूद क्षेत्र में सर्वांगीण विकास हेतु निरंतर प्रयास किए जाते रहे हैं। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत फाचर अहिरान एवं मांगरोल स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में खेलकूद सामग्री वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में निंबाहेड़ा के ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अरविंद मूंदड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विद्यालय की छात्राओं ने पारंपरिक तिलक लगाकर अतिथियों का स्वागत किया। विद्यालय प्राचार्य गोरधनलाल पाटीदार ने जेके सीमेंट के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए बताया कि संस्था द्वारा विद्यालय भवन निर्माण, गार्डन, पथ निर्माण आदि में दिया गया सहयोग विद्यार्थियों की संख्या और परिणामों में निरंतर सुधार का कारण बना है।
जे.के सीमेंट के एचआर विभाग से वरिष्ठ प्रबंधक भुवनेश सिंह ने कहा कि खेल सामग्री की यह पहल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के लिए एक अहम कदम है। सीएसआर हेड राहुल कुमार ने जानकारी दी कि निंबाहेड़ा एवं मांगरोल प्लांट के आसपास स्थित 30 विद्यालयों में इस प्रकार की खेल सामग्री वितरित की जाएगी।
जे.के सीमेंट के खनन विभाग से वरिष्ठ महाप्रबंधक रमेश व्यास ने कहा कि जेके सीमेंट आरंभ से ही सामाजिक विकास एवं बुनियादी सुविधाओं के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाता रहा है। इस पहल ने न केवल ग्रामीण क्षेत्र की आवश्यकता को पूरा किया, बल्कि कंपनी की सामाजिक प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण भी प्रस्तुत किया है।
इसी के साथ जे. के सीमेंट व दोनों विद्यालयी टीम ने वृक्षारोपण कर कार्यक्रम का समापन किया। इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत फाचर अहिरान के सरपंच विक्रम अहिर, जे.के. सीमेंट से एल. एस. पोखरना, एल. एन. टेलर और नए जी.ई.टी (GET) कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
यह आयोजन निंबाहेड़ा क्षेत्र में शिक्षा और खेल के समन्वित विकास की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम साबित हुआ।

