Site icon 24 News Update

झालावाड़: मोबाइल बैटरी और जमीन के विवाद में कुल्हाड़ी से वार कर हत्या, आरोपी गिरफ्तार, पनवाड़ पुलिस ने सुलझाई ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी; शराब के नशे में विवाद के बाद दोस्त ने ही ली जान

Advertisements

24 News Udpate जयपुर 5 मई। झालावाड़ जिले की पनवाड़ थाना पुलिस ने क्षेत्र के हरीगढ़ गांव में हुए सनसनीखेज ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने नृशंस हत्या के आरोपी जितेंद्र भील को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने महज मोबाइल की बैटरी और जमीन के मुनाफे के पैसों को लेकर हुए विवाद में अपने ही परिचित की हत्या कर दी थी।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि 30 अप्रैल 2026 को सावरिया भील ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पिता रामगोपाल (70) मवेशी चराने खेत पर गए थे। देर रात तक वापस न आने पर जब परिजन तलाश करने पहुंचे, तो रामगोपाल मृत अवस्था में मिले। उनके चेहरे और सिर पर कुल्हाड़ी जैसे घातक हथियार के गहरे निशान थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर थानाधिकारी जाकिर हुसैन के नेतृत्व में विशेष टीम, एफएसएल और डॉग स्क्वायड की मदद से साक्ष्य जुटाए गए।
शराब पार्टी के दौरान हुआ विवाद
पुलिस अनुसंधान में सामने आया कि आरोपी जितेंद्र और मृतक रामगोपाल एक ही समाज के थे और उनके खेत भी पास-पास थे। आरोपी जितेंद्र शराबी प्रवृत्ति का है, जिसे परिजनों ने घर से निकाल रखा था और वह खेत पर टापरी बनाकर रहता था। आरोपी की हिस्सेदारी वाली जमीन मृतक रामगोपाल जोतता था, जिसके मुनाफे के कुछ पैसे बाकी थे। इसके अलावा आरोपी ने कुछ दिन पहले अपनी मोबाइल बैटरी चार्जिंग के लिए रामगोपाल को दी थी, जो वापस नहीं मिली थी। घटना के दिन इसको लेकर कहासुनी शुरू हो गई।
नशे की हालत में विवाद इतना बढ़ा कि जितेंद्र ने पास रखी कुल्हाड़ी से रामगोपाल पर हमला कर दिया। आरोपी ने उनके चेहरे और ललाट पर कुल्हाड़ी से कई वार किए, जिससे बुजुर्ग रामगोपाल की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सूचना पर धर दबोचा।
इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाने में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचन्द्र मीणा और वृत्ताधिकारी गरिमा जिंदल के सुपरविजन में पनवाड़ थानाधिकारी जाकिर हुसैन, खानपुर थानाधिकारी रविन्द्र सिंह, कांस्टेबल दिनेश मीणा, जतन सिंह और नरेंद्र कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से वारदात में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है।

Exit mobile version