Site icon 24 News Update

जमीनी विवाद में हत्या का 72 घंटे में खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

Advertisements

24 News Update उदयपुर/फलासिया। राजस्थान पुलिस ने थाना फलासिया क्षेत्र में जमीनी विवाद को लेकर हुई हत्या के मामले का 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार 3 अप्रैल 2026 को प्रार्थी चुन्नीलाल पुत्र शांतिलाल निवासी ढाला ने रिपोर्ट दी कि 2 अप्रैल को वह मजदूरी के लिए आंजरोली गया हुआ था। रात करीब 8-9 बजे उसके पिता शांतिलाल और काका बंशीलाल घर के बाहर बैठे बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान जमीन को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान बंशीलाल ने कुल्हाड़ी से हमला कर शांतिलाल की हत्या कर दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। मामले में प्रकरण संख्या 59/2026 धारा 103(1) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल एवं वृताधिकारी झाड़ोल विवेक सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी सीताराम के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने आसूचना और तकनीकी सहयोग के आधार पर कार्रवाई करते हुए 5 अप्रैल 2026 को आरोपी को आमीवाड़ा के जंगलों में भागते समय डिटेन किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी बंशीलाल (31) पुत्र समा निवासी उपला ढाला ने जमीन विवाद को लेकर कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करना स्वीकार किया। इसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। कार्रवाई में थानाधिकारी सीताराम के साथ उपनिरीक्षक चंदूलाल, रमेशचंद्र, कालूलाल, हेड कांस्टेबल कांतिलाल तथा कांस्टेबल बंशीलाल, जगदीश, मोटाराम और रविंद्र की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Exit mobile version