24 News Update जयपुर। जयपुर जिला जेल में तैनात जेल प्रहरी जगवीर सिंह को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी प्रहरी जेल में बंद एक कैदी को परेशान नहीं करने के बदले रिश्वत की मांग कर रहा था। बुधवार को एसीबी टीम ने उसे 26 हजार रुपए की पहली किश्त लेते हुए ट्रैप किया।
कैदी के भाई ने की थी शिकायत
एडीजी एसीबी स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि एसीबी मुख्यालय को एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसका भाई करीब 8 दिन पहले फिरौती के एक मामले में जिला जेल में बंद हुआ था। जेल प्रहरी जगवीर सिंह ने कैदी को जेल में परेशान नहीं करने की एवज में 70 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। इसके साथ ही आरोपी ने धमकी दी थी कि यदि पैसे नहीं दिए गए तो जेल में बंद कैदी को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाएगा।
सत्यापन के बाद ACB का ट्रैप ऑपरेशन
शिकायत का सत्यापन कराने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। बुधवार को कार्रवाई करते हुए एसीबी की टीम ने जेल प्रहरी जगवीर सिंह को 26 हजार रुपए की पहली किश्त लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। फिलहाल एसीबी आरोपी प्रहरी से पूछताछ कर रही है कि वह रिश्वत किसके कहने पर मांग रहा था या इसका हिस्सा किसी अन्य अधिकारी या कर्मचारी तक भी पहुंचाया जाना था। साथ ही आरोपी के घर और अन्य संभावित ठिकानों पर भी तलाशी की कार्रवाई की जा रही है। एसीबी ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.