Site icon 24 News Update

विशेष योग्यजनों के लिए इनोवेशनः विज्ञान समिति व विद्यालय उद्यम एसोसिएशन ने आयोजित किया हैकथॉन

Advertisements

24 News Update उदयपुर। विज्ञान समिति और विद्यालय उद्यम एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में दिव्यांगजनों के लिए सहायक तकनीक विकसित करने पर केंद्रित एक इनोवेशन-आधारित हैकथॉन का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए दृष्टिबाधित, श्रवण बाधित तथा शारीरिक रूप से अक्षम व्यक्तियों के लिए उपयोगी तकनीकी समाधान तैयार किए।
मीडिया प्रभारी प्रोफेसर विमल शर्मा ने बताया कि महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय धानमंडी, बड़गांव और झाड़ोल के साथ ही विजन अकैडमी और बाल शिक्षा सदन के विद्यार्थियों ने भी इस हैकथॉन में भाग लिया। प्रतिभागियों को अलग-अलग समूहों में विभाजित कर उनकी सोच को सामाजिक समस्याओं के समाधान की ओर प्रेरित किया गया। छात्रों ने रोबोटिक्स, डिजाइन थिंकिंग और सरल तकनीकी उपकरणों की मदद से विभिन्न श्रेणी के सहायकीय इनोवेशन तैयार किए।
कार्यक्रम में विज्ञान समिति के अध्यक्ष महीप भटनागर, कुल प्रमुख डॉ. के. एल. कोठारी, डॉ. के. एल. तोतावत, डॉ. बी. एल. चावत, शांति लाल भण्डारी और इंजीनियर अशोक कुमार जैन सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। विद्यालय उद्यम एसोसिएशन की ओर से कैलाश चंद्र रावल, लक्ष्यराज सिंह, अनिल कुमार, हर्षा और श्वेता ने छात्रों को लगातार मार्गदर्शन दिया। वक्ताओं ने छात्रों की रचनात्मकता, तकनीकी समझ और सामाजिक संवेदनशीलता की सराहना की।
मीडिया प्रभारी प्रो. विमल शर्मा ने कहा कि यह हैकथॉन न केवल विद्यार्थियों को तकनीकी कौशल विकसित करने का अवसर देता है, बल्कि उन्हें सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की प्रेरणा भी प्रदान करता है। विशेष योग्यजनों के लिए जीवन को सरल बनाने वाले समाधान तैयार करने की छात्रों की पहल सराहनीय है। उन्होंने बताया कि विज्ञान समिति की अंतरराष्ट्रीय स्तर की रोबोटिक लैब इस प्रकार के नवाचार-आधारित आयोजन भविष्य में भी नियमित रूप से करती रहेगी।

Exit mobile version