24 News Update जयपुर। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की पत्नी इंद्रा देवी को सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार वे घर पर अचानक बेहोश हो गई थीं, जिसके बाद परिजन उन्हें एसएमएस अस्पताल की इमरजेंसी में लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने सीपीआर (Cardio Pulmonary Resuscitation) देकर उन्हें रिवाइव किया।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार, इंद्रा देवी को मेडिकल आईसीयू में भर्ती किया गया है और उन्हें वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। उनके उपचार के लिए न्यूरोलॉजी, कार्डियोलॉजी और जनरल मेडिसिन विभाग के वरिष्ठ चिकित्सकों का एक विशेषज्ञ बोर्ड गठित किया गया है। इलाज की निगरानी स्वयं एसएमएस मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. दीपक माहेश्वरी कर रहे हैं।
इस बीच, राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा अस्पताल पहुंचे और स्पीकर वासुदेव देवनानी से मुलाकात कर उनकी पत्नी के स्वास्थ्य की जानकारी ली। डोटासरा ने चिकित्सकों से भी उपचार की स्थिति पर जानकारी प्राप्त की।
गौरतलब है कि इंद्रा देवी, जो रिटायर्ड शिक्षिका हैं, इससे पहले भी पिछले वर्ष जुलाई में अस्थमा की शिकायत के बाद एसएमएस हॉस्पिटल में भर्ती रह चुकी हैं। उस समय भी उन्हें कुछ दिनों तक आईसीयू और वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था।
विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की पत्नी इंद्रा देवी एसएमएस हॉस्पिटल में भर्ती — वेंटिलेटर सपोर्ट पर उपचार जारी

Advertisements
