Site icon 24 News Update

उदयपुर में सड़क रिपेयर कार्य में निगम कर रहा नियमों की अवहेलना, पेचवर्क के नाम पर सड़क की ऊँचाई बढ़ाई जा रही, जलजमाव का खतरा

Advertisements

24 News Update उदयपुर: नगर निगम की ओर से शहर के विभिन्न हिस्सों में सड़कों के पेचवर्क और रिपेयर कार्य शुरू हो गए हैं, लेकिन कार्य की वर्तमान तकनीक और परतें डालने का तरीका राज्य सरकार के निर्देशों के विपरीत है।
सूत्रों के अनुसार, नगर निगम द्वारा मौजूदा सड़क पर डामर की नई परतें सीधे चढ़ाई जा रही हैं, जबकि राज्य सरकार ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सड़क का लेवल किसी भी हालत में ऊँचा नहीं होना चाहिए। विधानसभा के हाल ही में हुए सत्र में भी इस विषय पर चर्चा हुई थी और सरकार ने साफ कहा था कि सड़कों की रिपेयर या नई सड़क बनाने के दौरान पुरानी परत को हटाना अनिवार्य है।
विशेषज्ञों और शहरवासियों का कहना है कि इस तरह की मनमानी कार्यवाही से आस-पास की कॉलोनियों का लेवल नीचे आ सकता है, जिससे जलजमाव और बाढ़ जैसी समस्या उत्पन्न हो सकती है।
निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने शनिवार को शहर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। आयुक्त ने अधिकारियों को कंक्रीट डालने से पहले मिट्टी हटाने, उचित रोलिंग और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दीपावली से पहले सभी पेचवर्क कार्य सम्पूर्ण करवा दिए जाएंगे।
आयुक्त ने यह भी बताया कि कार्य मुख्य मार्गों, अंदरूनी गलियों और तंग रास्तों में चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने शहरवासियों से सफाई व्यवस्था में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि कचरा केवल डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण वाहनों में ही डालें।
विशेषज्ञों का सुझाव है कि शहरवासियों को सड़क की ऊँचाई बढ़ने से रोकने के लिए जागरूक रहना चाहिए, ताकि भविष्य में जलजमाव और अन्य समस्याओं से बचा जा सके। नगर निगम के ठेकेदारों की मनमानी और अफसरों की उदासीनता शहर के लिए गंभीर चेतावनी बन गई है।

Exit mobile version