24 News Update उदयपुर। जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी) के डिपार्टमेंट ऑफ कंप्यूटर साइंस एंड इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में आज ‘दिक्षारंभ-2025’ के तहत स्टूडेंट इंडक्शन प्रोग्राम (SIP) का भव्य शुभारंभ किया गया। यह कार्यक्रम प्रत्येक वर्ष नवप्रवेशित छात्रों को विश्वविद्यालय के शैक्षणिक व सांस्कृतिक परिवेश से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है।
कार्यक्रम की शुरुआत विभाग की निदेशक प्रो. मंजू माण्डोत द्वारा अतिथियों एवं छात्रों का स्वागत कर की गई। अपने संबोधन में उन्होंने बताया कि यह इंडक्शन प्रोग्राम विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) और अखिल भारतीय तकनीकी शिक्षा परिषद (AICTE) के निर्देशानुसार छात्रों को उच्च शिक्षा के माहौल, शैक्षणिक अनुशासन, सह-शैक्षणिक गतिविधियों तथा व्यक्तिगत विकास के प्रति प्रेरित करने का सुनहरा अवसर है।
मुख्य अतिथि एवं राजस्थान विद्यापीठ के कुलपति प्रो. एस. एस. सारंगदेवोत ने अध्यक्षीय उद्बोधन में विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि ‘दिक्षारंभ’ का उद्देश्य केवल शिक्षा देना नहीं, बल्कि नैतिक मूल्यों, सकारात्मक दृष्टिकोण एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करना भी है। कुलपति ने छात्रों को विश्वविद्यालय की गौरवशाली शैक्षणिक परंपरा, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और समाज सेवा में योगदान से अवगत कराया। साथ ही विश्वविद्यालय में चल रही विविध शैक्षणिक व सह-शैक्षणिक गतिविधियों की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर संकाय सदस्य डॉ. भारत सिंह देवड़ा, डॉ. गौरव गर्ग, डॉ. भरत सुखवाल, डॉ. दिलीप चौधरी, डॉ. रीना मेनारिया, श्री दुर्गाशंकर, श्री त्रिभुवन सिंह बमनिया, श्री मनोज यादव एवं श्री चिराग दवे विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रदीप सिंह शक्तावत ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. मनीष श्रीमाली द्वारा प्रस्तुत किया गया।

