24 News Update उदयपुर। यात्रियों की सुविधा और सुगम रेल संचालन को ध्यान में रखते हुए रेलवे द्वारा गोरखपुर-गोंडा रेलखंड पर गोरखपुर–डोमिनगढ़ स्टेशनों के मध्य तीसरी लाइन तथा गोरखपुर–आनन्दनगर रेलखंड पर गोरखपुर–नकहा जंगल स्टेशनों के बीच दोहरीकरण कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के चलते रेलवे ने नॉन इंटरलॉकिंग ब्लॉक लिया है, जिसके कारण विभिन्न रेलसेवाओं का संचालन प्रभावित रहेगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी शशि किरण ने बताया कि इस कार्य का असर उदयपुर से संचालित रेलसेवाओं पर भी पड़ेगा। उदयपुर सिटी–कामाख्या एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 19615) दिनांक 22 सितम्बर 2025 को उदयपुर सिटी स्टेशन से परिवर्तित मार्ग — लखनऊ–सुल्तानपुर–वाराणसी–औड़िहार–छपरा होते हुए संचालित होगी। मार्ग परिवर्तन के कारण यह ट्रेन अयोध्या धाम, मनकापुर, गोरखपुर, देवरिया सदर व भटनी स्टेशनों पर नहीं रुकेगी।
इसी प्रकार कामाख्या–उदयपुर सिटी एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 19616) दिनांक 25 सितम्बर 2025 को छपरा–औड़िहार–वाराणसी–सुल्तानपुर–लखनऊ मार्ग से चलेगी और भटनी, देवरिया सदर, गोरखपुर, मनकापुर तथा अयोध्या धाम स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा।
इसके साथ ही बठिण्डा–गोरखपुर एक्सप्रेस (12555/12556), साबरमती–थावे रेलसेवा (19409/19410), पोरबंदर–मुजफ्फरपुर एक्सप्रेस (19269) तथा डिब्रुगढ़–लालगढ़ रेलसेवा (15909/15910) भी अलग-अलग तिथियों में रद्द, आंशिक रद्द, मार्ग परिवर्तन या री-शेड्यूल रहेंगी।
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें तथा निर्धारित तिथियों में यात्रा करने वाले यात्री संभावित परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए अपनी योजना बनाएं।
गोरखपुर–गोंडा रेलखंड पर तीसरी लाइन कार्य का असर – उदयपुर सिटी से चलने वाली एक्सप्रेस भी बदले मार्ग से चलेगी

Advertisements
