24 News Update उदयपुर। ग्रेटर नोएडा में आयोजित वर्ल्ड फोरम ऑफ अकाउंटेंट्स (WOFA)–2.0 में आईसीएआई उदयपुर शाखा (सीआईआरसी) के लगभग 25 चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने सक्रिय सहभागिता करते हुए पेशेवर क्षमता और संगठनात्मक मजबूती का प्रभावी प्रदर्शन किया। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल (सीआईआरसी) क्षेत्र में पहली बार आयोजित किया गया, जिसे चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे के लिए एक ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
आईसीएआई उदयपुर शाखा के अध्यक्ष सीए राहुल माहेश्वरी ने बताया कि वर्ल्ड फोरम ऑफ अकाउंटेंट्स जैसे वैश्विक मंच चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के साथ-साथ सदस्यों को वैश्विक स्तर पर हो रहे आर्थिक, तकनीकी और नियामकीय परिवर्तनों से जोड़ने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सम्मेलन सदस्यों को निरंतर सीखने और बदलते व्यावसायिक परिवेश के अनुरूप स्वयं को अपडेट रखने के लिए प्रेरित करते हैं। शाखा के उपाध्यक्ष सीए चिराग धर्मावत ने जानकारी दी कि यह तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 30 व 31 जनवरी तथा 1 फरवरी को आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 50 से अधिक तकनीकी और प्रोफेशनल सत्र रखे गए हैं। इन सत्रों में कराधान, ऑडिट, फाइनेंस, टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सस्टेनेबिलिटी, लीडरशिप और प्रोफेशनल डेवलपमेंट जैसे समसामयिक व भविष्य उन्मुख विषयों पर देश-विदेश के ख्यातिप्राप्त वक्ता अपने विचार साझा कर रहे हैं। उदयपुर शाखा के कोषाध्यक्ष सीए सौरभ गोलछा ने बताया कि वर्ल्ड फोरम ऑफ अकाउंटेंट्स चार्टर्ड अकाउंटेंसी पेशे को समर्पित एक अग्रणी वैश्विक मंच है, जो आर्थिक विकास, सुशासन और वित्तीय पारदर्शिता को सुदृढ़ करने में चार्टर्ड अकाउंटेंट्स की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करता है। यह मंच जिम्मेदार नवाचार, वित्तीय स्थिरता और समावेशी विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ नैतिकता और पारदर्शिता के प्रति पेशे की प्रतिबद्धता को और मजबूत करता है। सम्मेलन में उदयपुर शाखा से पूर्व अध्यक्ष सीए अभिषेक संचेती, सीए रौनक जैन, पूर्व सीआईआरसी चेयरमैन सीए देवेंद्र सोमानी, सीए राजन बाया, सीए विशाल मेनारिया, सीए वात्सल्य सोनी, सीए अंतरिक्ष सुराणा सहित अन्य सदस्यों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। उनकी उपस्थिति ने सीआईआरसी क्षेत्र की सक्रियता, संगठनात्मक एकजुटता और सतत प्रोफेशनल विकास के प्रति प्रतिबद्धता को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।
वर्ल्ड फोरम ऑफ अकाउंटेंट्स–2.0 में आईसीएआई उदयपुर शाखा की सशक्त मौजूदगी

Advertisements
