Site icon 24 News Update

गुजरात हाईकोर्ट: वर्चुअल सुनवाई के दौरान सीनियर एडवोकेट का बीयर पीते वीडियो वायरल, अवमानना कार्रवाई शुरू

Advertisements

24 News update अहमदाबाद। गुजरात हाईकोर्ट में वर्चुअल सुनवाई के दौरान एक सीनियर एडवोकेट का बीयर पीते हुए वीडियो सामने आने से हड़कंप मच गया। कोर्ट ने सोमवार को इस मामले में स्वतः संज्ञान लेते हुए सीनियर एडवोकेट भास्कर तन्ना के खिलाफ अदालत की अवमानना की कार्यवाही शुरू कर दी।

घटना 26 जून की है, जब सीनियर एडवोकेट भास्कर तन्ना वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए जस्टिस संदीप भट्ट की कोर्ट में पेश हुए थे। इसी दौरान वह मग में बीयर पीते कैमरे में कैद हो गए। इसका वीडियो वायरल होने के बाद हाईकोर्ट की अवमानना बेंच ने संज्ञान लिया।

जस्टिस एएस सुपेहिया और जस्टिस आरटी वच्छानी की खंडपीठ ने इसे अपमानजनक आचरण बताते हुए तन्ना को नोटिस जारी किया। साथ ही आदेश दिया कि अवमानना कार्यवाही के दौरान वह बेंच के समक्ष वर्चुअली पेश न हों।

सीनियर एडवोकेट के दर्जे पर पुनर्विचार की टिप्पणी
कोर्ट ने अपने आदेश में कहा कि सीनियर वकील के आचरण का प्रभाव जूनियर वकीलों पर पड़ता है। उन्हें वरिष्ठ वकील प्रेरणा और मार्गदर्शक मानते हैं। ऐसे में भास्कर तन्ना का यह व्यवहार ‘सीनियर एडवोकेट’ पद की गरिमा के विपरीत है। कोर्ट ने उनके विशेषाधिकार और दर्जे पर पुनर्विचार की आवश्यकता जताई है।

रजिस्ट्री को रिपोर्ट व वीडियो सुरक्षित रखने का निर्देश
कोर्ट ने हाईकोर्ट रजिस्ट्री को आदेश दिया कि इस मामले में रिपोर्ट तैयार कर अगली सुनवाई में प्रस्तुत की जाए। साथ ही संबंधित वीडियो को सुरक्षित रखा जाए। मामले की अगली सुनवाई दो सप्ताह बाद होगी।

पहले भी विवादास्पद घटनाएं
गुजरात हाईकोर्ट की वर्चुअल सुनवाई के दौरान इस तरह की अनुशासनहीनता पहले भी सामने आ चुकी है। हाल ही में एक व्यक्ति टॉयलेट सीट पर बैठकर सुनवाई में शामिल हुआ था। इससे पहले 2020 में एक वकील को वर्चुअल सुनवाई के दौरान सिगरेट पीने पर 10 हजार रुपए का जुर्माना और इस साल की शुरुआत में एक अन्य व्यक्ति को टॉयलेट से सुनवाई में शामिल होने पर 2 लाख रुपए जुर्माना और कम्युनिटी सर्विस की सजा दी गई थी।

Exit mobile version