24 News Update चित्तौड़गढ़। मंडफिया स्थित कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर में तीन दिवसीय जलझूलनी एकादशी मेला गुरुवार को श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। मेले के समापन अवसर पर धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों को जोड़ते हुए कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
समारोह में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 51 दिव्यांगजनों को मोटोराइज्ड स्कूटी वितरित की गईं। इन स्कूटियों से उनकी गतिशीलता और स्वतंत्रता बढ़ेगी तथा वे समाज की मुख्यधारा से अधिक सशक्त रूप से जुड़ सकेंगे। इसी तरह 16 गांवों के 12 मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। उन्हें प्रत्येक को 15 हजार रुपये के चेक प्रदान किए गए ताकि वे उच्च शिक्षा की ओर प्रेरित हो सकें।
मेले के अंतिम दिन आयोजित सांस्कृतिक संध्या ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भक्ति रस से सराबोर भजनों और लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और आनंदमय बना दिया।
समापन अवसर पर सांसद सी.पी. जोशी और विधायक अर्जुन लाल जीनगर मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ रतनलाल गाडरी, मंदिर मंडल अध्यक्ष जानकीदास वैष्णव, कमलेश पुरोहित, भैरूलाल गाडरी, पवन तिवारी, किशनलाल आहीर, रामलाल गुर्जर, हरिराम गाडरी, मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रभा गौतम, प्रशासनिक अधिकारी शिवशंकर पारीक, राघव शर्मा सहित मंदिर मंडल सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
तीन दिवसीय मेले के दौरान लाखों श्रद्धालु सांवलियाजी के दर्शन के लिए पहुंचे। शोभायात्राओं, धार्मिक अनुष्ठानों और भक्ति गीतों ने वातावरण को पूरी तरह आध्यात्मिक और भक्तिमय बना दिया।

