24 News Upadte उदयपुर। महावीर जयंती के अवसर पर घोषित ड्राई डे के बीच एक सरकारी शिक्षक को अवैध रूप से शराब बेचते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। प्रशासनिक प्रतिबंध के बावजूद आरोपी ने पहले से शराब और बीयर का बड़ा भंडारण कर रखा था, जिसे वह अधिक कीमत पर खपाने की तैयारी में था।
कार्रवाई मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे मांडवा थाना क्षेत्र के बिकरणी कस्बे में की गई। पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने मांडवा के छापर निवासी अजित कुमार को गिरफ्तार किया, जो राजकीय प्राथमिक विद्यालय छापर में पदस्थापित शिक्षक है।
मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी
आबकारी विभाग की गोगुंदा टीम को सूचना मिली थी कि देवला-बेकरिया क्षेत्र में कुछ लोग ड्राई डे का फायदा उठाने के लिए अवैध शराब का स्टॉक जमा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए घेराबंदी की। टीम ने सुलाव-कागवास रोड स्थित बिकरणी तिराहे पर दबिश दी, जहां एक व्यक्ति को शराब की खेप के साथ संदिग्ध हालत में पकड़ा गया। पूछताछ में उसकी पहचान अजित कुमार के रूप में हुई।
मौके से भारी मात्रा में शराब-बीयर जब्त
जांच के दौरान आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में शराब और बीयर बरामद कर जब्त की गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह पूरा स्टॉक ड्राई डे के दौरान ऊंचे दामों पर बेचने के उद्देश्य से इकट्ठा किया गया था। आबकारी विभाग ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है कि उसने यह शराब कहां से जुटाई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।

