Site icon 24 News Update

भक्ति,श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर हुआ गोठडा गांव,पूर्व मंत्री उदयलाल आंजना ने लिया श्रीमद् भागवत कथा का पुण्य लाभ

Advertisements

24 News Update निम्बाहेडा (कविता पारख) तहसील क्षेत्र के ग्राम गोठडा स्थित श्री चमत्कारी देवनारायण मंदिर परिसर इन दिनों धर्म, श्रद्धा और भक्ति की अनुपम रसधारा से आलोकित हो रहा है। समस्त ग्रामवासियों के सहयोग एवं आस्था भाव से आयोजित कलश स्थापना, सप्त दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा एवं पंच कुण्डीय महायज्ञ के पावन आयोजन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर धर्म लाभ अर्जित कर रहे हैं। यह धार्मिक आयोजन 3 मई से 9 मई तक अत्यंत श्रद्धा, उत्साह एवं भक्तिमय वातावरण में संपन्न हो रहा है।

श्रीमद् भागवत कथा के छठे दिवस शुक्रवार को राजस्थान सरकार के पूर्व सहकारिता मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता उदयलाल आंजना कथा स्थल पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त किया। उनके आगमन पर कथा आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों द्वारा मेवाड़ी साफा बंधवाकर एवं उपरणा ओढ़ाकर पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान संपूर्ण कथा परिसर भक्तिमय जयघोषों से गुंजायमान हो उठा।

उक्त सप्त दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा का वाचन सुप्रसिद्ध कथा व्यास पंडित श्री माणक चंद जी मेनारिया फतेहनगर वालों द्वारा अत्यंत भावपूर्ण, मधुर एवं ओजस्वी शैली में किया जा रहा है। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति, संस्कार एवं मानव जीवन के उच्च आदर्शों का संदेश प्रदान किया जा रहा है। कथा श्रवण के दौरान श्रद्धालु भक्ति भाव में लीन दिखाई दिए।
पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने कथा व्यास पंडित श्री माणक चंद जी मेनारिया से आशीर्वाद प्राप्त कर क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की मंगलकामना की।

इस अवसर पर अपने उद्बोधन में आंजना ने कहा कि श्रीमद् भागवत कथा जैसे धार्मिक आयोजन हमारी सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं, जो समाज में प्रेम, सद्भाव, भाईचारा एवं नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि भागवत कथा मानव जीवन को सत्य, सेवा, करुणा और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती है। साथ ही उन्होंने आयोजन समिति एवं ग्रामवासियों की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार के धार्मिक आयोजन समाज में आध्यात्मिक चेतना एवं सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं।

इस अवसर पर छोटीसादड़ी ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष मुकेश जाट, पूर्व ब्लाक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राधेश्याम पाटीदार, गोपाल जणवा,मिट्ठू लाल जणवा,शंकर लाल जणवा ,पृथ्वीराज जणवा ,देवी लाल जणवा ,कमलेश जणवा,बाबूलाल जणवा ,गोपाल जणवा,मांगीलाल जणवा एवं जणवा समाज के गणमान्यजन,श्रद्धालु भक्तगण, माताएं, बहनें, बालक-बालिकाएं एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे धर्मप्रेमी श्रद्धालु उपस्थित रहे। संपूर्ण वातावरण श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास से ओतप्रोत दिखाई दिया।

Exit mobile version