Site icon 24 News Update

गींगला थाना पुलिस ने 80 भैंस-पाड़ों से भरे दो ट्रक किए जब्त, 2 आरोपी गिरफ्तार

Advertisements

24 News Update सलूंबर. जिले की गींगला थाना पुलिस ने अवैध पशु परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 80 भैंस व पाड़ों से भरे दो ट्रक जब्त किए हैं। इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
थानाधिकारी धर्मेंद्र सिंह बाघेला ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान करावली से गींगला की ओर तेज गति से आ रहे दो संदिग्ध ट्रकों को रुकवाकर जांच की गई। जांच में सामने आया कि दोनों ट्रकों में डबल पार्टीशन बनाकर भैंस और पाड़ों को अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। पशुओं के पैर रस्सियों से बंधे हुए थे तथा चारा-पानी की कोई व्यवस्था नहीं थी।

पूछताछ में आरोपियों ने पशुओं को समोड़ा से जयपुर ले जाना बताया, लेकिन उनके पास पशु परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए।
पहले ट्रक से कुल 42 पशु (भैंस व पाड़े) बरामद किए गए। इस ट्रक का चालक मौके से फरार हो गया, जबकि उसके साथी दिनेश पुत्र किशन बंजारा निवासी रामाटांडा, डूंगरपुर को गिरफ्तार किया गया। दूसरे ट्रक से 38 पशु बरामद किए गए, जिसके चालक दिनेश पुत्र मेधाजी बंजारा निवासी समोड़ा, हेमाजी का टांडा, सलूंबर को मौके से पकड़ लिया गया।
थानाधिकारी बाघेला ने बताया कि पशुओं के साथ क्रूरता पाए जाने पर दोनों ट्रकों व पशुओं को पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत जब्त किया गया है। सभी पशुओं को ईडाणा माता गोशाला भिजवाकर चारा-पानी की व्यवस्था कराई गई तथा पशु चिकित्सक से उनकी मेडिकल जांच कराई गई। पुलिस द्वारा मामले में आगे की जांच की जा रही है।

Exit mobile version