Site icon 24 News Update

घासा थाना पुलिस का खुलासा: हाईवे से जालियां चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार, ट्रक-बाइक जब्त

Advertisements

24 News Update उदयपुर। राजस्थान पुलिस ने थाना घासा क्षेत्र में वासक फिलिंग स्टेशन, जावड़ से हुई चोरी के मामले का पर्दाफाश करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई लोहे की जालियां, वारदात में प्रयुक्त आयशर ट्रक और दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार फिलिंग स्टेशन पर हाईवे निर्माण कार्य के चलते नाले पर लगी काउ-केचर लोहे की जालियां हटाकर पंप के पास रखी गई थीं। 27 मार्च 2026 की रात अज्ञात बदमाश 10 जालियां चोरी कर आयशर ट्रक में भरकर ले गए। चोरी की इन जालियों की कीमत करीब एक लाख रुपये बताई गई है। ये जालियां इंडियन ऑयल कंपनी द्वारा निर्मित थीं। इस संबंध में थाना घासा पर प्रकरण संख्या 48/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशानुसार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल एवं सहायक पुलिस अधीक्षक (वृत्त मावली) आशिमा वासवानी के सुपरविजन में थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने आसूचना और तकनीकी सहयोग के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की वारदात का खुलासा कर छह आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में नारायण लाल (35) पुत्र लोगर लाल निवासी जुनावास थाना डबोक, कमलेश (28) पुत्र नाथूलाल एवं प्रहलाद (25) पुत्र नाथूलाल निवासी वासनी माफी थाना फतहनगर, पुष्कर लाल (26) पुत्र भगवती लाल निवासी घोड़ाघाटी थाना देलवाड़ा जिला राजसमंद, वेणीराम (27) पुत्र मोहनलाल निवासी बोयणा थाना मावली तथा मदनलाल पुत्र रंगलाल निवासी सीमेन्ट फैक्ट्री थाना डबोक शामिल हैं।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने चोरी की गई जालियां कबाड़ी मदनलाल को बेच दी थीं, जिसे भी गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद किया गया। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त आयशर ट्रक और दो मोटरसाइकिल भी जब्त की गई हैं। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी नशे के आदी हैं और दिन में इधर-उधर घूमकर रेकी करते थे तथा रात में मौका पाकर सूने स्थानों को निशाना बनाते थे। इनके खिलाफ पूर्व में थाना मावली और फतहनगर में चोरी के प्रकरण दर्ज हैं।
कार्रवाई में थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक रामानंद (विशेष भूमिका), कांस्टेबल महेन्द्र सिंह, कांस्टेबल माधव सिंह, कांस्टेबल विश्वराज सिंह, चालक कांस्टेबल सुरेश कुमार एवं कांस्टेबल हिमांशु की सक्रिय भूमिका रही।

Exit mobile version