24 News Update उदयपुर। रोमानिया के क्लुज-नापोका शहर में 10 से 16 नवंबर तक आयोजित होने जा रही विश्व सीनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में उदयपुर के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी गौरव साहू का चयन भारतीय सीनियर पावरलिफ्टिंग टीम में किया गया है। यह जानकारी राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के आयोजन सचिव विनोद साहू ने दी।
उन्होंने बताया कि यह राजस्थान के खेल इतिहास का स्वर्णिम क्षण है, क्योंकि पिछले 45 वर्षों में पहली बार राज्य का कोई खिलाड़ी इस विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगा। गौरव 59 किलो भार वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे और 10 नवंबर को दोपहर 4 बजे अपना मुकाबला खेलेंगे।
यह चैंपियनशिप होटल ग्रांड इटालिया के सभागार में होगी, जिसमें भारत सहित करीब 35 देशों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे — जिनमें अमेरिका, जापान, फ्रांस, कनाडा, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, यूक्रेन, ब्राज़ील, इटली और मेजबान रोमानिया प्रमुख हैं।
गौरव साहू इससे पहले इस्तांबुल (तुर्की) में आयोजित एशियन जूनियर पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप में चार स्वर्ण पदक जीत चुके हैं। उन्होंने हांगकांग में हुई एशियन सब-जूनियर चैंपियनशिप में कांस्य पदक भी अपने नाम किया था। यह उनका तीसरा अंतरराष्ट्रीय दौरा होगा।
वर्तमान में गौरव मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय में एम.ए. योगा (प्रथम सेमेस्टर) के छात्र हैं। वे 8 नवंबर की रात मुंबई से लुफ्थांसा एयरवेज से रोमानिया रवाना होंगे और 17 नवंबर को स्विस एयरवेज से लौटेंगे।
उनके चयन पर राजस्थान राज्य पावरलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष दिनेश श्रीमाली, सचिव देवेंद्र साहू, कोषाध्यक्ष राजाराम शर्मा, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी माला सुखवाल, भूपेंद्र व्यास, और जिला ओलंपिक संघ सचिव जलामचंद जैन सहित कई खेलप्रेमियों ने गौरव को बधाई दी और उम्मीद जताई कि वे भारत और राजस्थान का नाम विश्व मंच पर रोशन करेंगे।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.