24 News Update उदयपुर। पाटिया थाना क्षेत्र में हुए युवक हत्याकांड में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए 4 संदिग्धों को डिटेन किया है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल आरोपियों के नाम उजागर नहीं किए हैं। डीएसपी राजीव राहर ने बताया कि मामले में अहम सुराग हाथ लगे हैं और जांच जारी है। उन्होंने परिजनों को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है। पुलिस की समझाइश के बाद परिजन और ग्रामीण बुधवार को पोस्टमार्टम के लिए राजी हो गए। खैरवाड़ा सरकारी अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति शांत बताई जा रही है। गौरतलब है कि 30 मार्च की देर रात खेड़ाघाटी बलीचा में नीलेश गरासिया (35) की छह बदमाशों ने तलवार से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी थी। नीलेश अपने चचेरे भाई की शादी समारोह से स्कूटी से घर लौट रहा था, तभी रास्ते में बदमाशों ने उसे रोककर हमला कर दिया।
मृतक के चचेरे भाई नरेश गरासिया ने बताया कि हमलावरों में अनिल, विपिन, जयदीप, बद्री, हितेश सहित अन्य शामिल थे। इनमें से कुछ आरोपी पहले से ही शादी समारोह में मौजूद थे और बाहर निकलने का इंतजार कर रहे थे, जबकि कुछ रास्ते में पहले से खड़े थे। जैसे ही वे समारोह से निकले, आरोपियों ने पीछा कर रास्ते में स्कूटी रुकवाकर हमला कर दिया। हमले के दौरान एक आरोपी ने तलवार से नीलेश के हाथ पर वार किया। नरेश मदद के लिए दौड़ा और जब लोगों के साथ लौटा तो नीलेश गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान पड़ा था। उसके मुंह, गले और हाथ पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। बताया जा रहा है कि नीलेश और आरोपियों के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही थी। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।
हत्याकांड में 4 संदिग्ध डिटेन, समझाइश के बाद पोस्टमार्टम को माने परिजन

Advertisements
