Site icon 24 News Update

राजस्थान आवासन मण्डल की पांच नई योजनाओं का शुभारम्भ. उदयपुर में बनेंगे 142 नए आधुनिक आवास

Advertisements

24 News Update उदयपुर। राजस्थान आवासन मण्डल की बहुप्रतीक्षित आवासीय योजनाओं का बुधवार को जयपुर स्थित आवास भवन में भव्य शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर नगरीय विकास, स्वायत्त शासन एवं आवासन मंत्री श्री झाबर सिंह खर्रा ने पांच नई आवासीय योजनाओं की शुरुआत की। मंत्री ने कहा कि यह केवल निर्माण नहीं, बल्कि प्रदेशवासियों को सुरक्षित, सुविधायुक्त और आधुनिक जीवन की ओर ले जाने वाला महत्वपूर्ण कदम है। श्री खर्रा ने बताया कि इन पांच योजनाओं के तहत कुल 667 आवास/फ्लैट्स बनाए जाएंगे, जिनमें उदयपुर जिले की पानेरिया-मादड़ी योजना में 142 फ्लैट्स शामिल हैं। इसके अलावा बारां, बूंदी, धौलपुर और बाड़मेर जिलों में भी योजनाओं के तहत आमजन को बेहतर आवासीय विकल्प मिलेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल मकान देना नहीं, बल्कि सभी वर्गों को सम्मानजनक और सुविधाजनक जीवन का अवसर उपलब्ध कराना है।
मुख्य योजनाओं का विवरण:
उदयपुर जिले की पानेरिया-मादड़ी योजना: 142 फ्लैट्स, ईडब्ल्यूएस एवं एलआईजी (जी+3) आय वर्ग के लिए, लागत 11 लाख 68 हजार रुपए से प्रारंभ।
बूंदी जिले की नैनवा आवासीय योजना (पॉकेट-A एवं पॉकेट-B): 72 स्वतंत्र आवास, विभिन्न आय वर्ग के लिए, लागत 7 लाख 80 हजार रुपए से प्रारंभ।
बारां जिले की अटरू आवासीय योजना: 189 स्वतंत्र आवास, विभिन्न आय वर्ग के लिए, लागत 7 लाख 60 हजार रुपए से प्रारंभ।
बाड़मेर जिले की लंगेरा आवासीय योजना: 200 स्वतंत्र आवास, ईडब्ल्यूएस एवं एलआईजी आय वर्ग के लिए, लागत 8 लाख 61 हजार रुपए से प्रारंभ।
धौलपुर जिले की बाड़ी रोड योजना: 64 फ्लैट्स, ईडब्ल्यूएस एवं एलआईजी (जी+3) आय वर्ग के लिए, लागत 12 लाख 45 हजार रुपए से प्रारंभ।
मंत्री श्री खर्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राज्य सरकार हर वर्ग के लिए आवास उपलब्ध कराने के लिए कृतसंकल्पित है। उन्होंने यह भी बताया कि सभी योजनाएं समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से विकसित की जाएंगी, ताकि लाभार्थियों को आधुनिक जीवन की समस्त सुविधाएं मिल सकें। कार्यक्रम में खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री श्री सुमित गोदारा भी उपस्थित रहे। श्री गोदारा ने कहा कि राजस्थान आवासन मण्डल आमजन के आवास के सपने को साकार करने के लिए आज भी पहली पसंद है। उन्होंने मण्डल की योजनाओं की मुक्त कंठ से सराहना की।
यह उल्लेखनीय है कि मई माह में मण्डल ने जयपुर, बारां, बूंदी और धौलपुर में 427 आवासों की पांच आवासीय योजनाओं की शुरुआत की थी।
शुभारम्भ समारोह में आवासन मण्डल के अध्यक्ष श्री देबाशीष पृष्टि, आवासन आयुक्त डॉ. रश्मि शर्मा, सचिव डॉ. अनिल पालीवाल, मुख्य अभियंता श्री अमित अग्रवाल, श्री टीएस मीना, श्री प्रतीक श्रीवास्तव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि, आम नागरिक और मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे आमजन के आवास के सपने को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम बताया।

Exit mobile version