24 News Update उदयपुर, 4 मई। रवींद्रनाथ टैगोर मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध महाराणा भूपाल राजकीय चिकित्सालय में सोमवार को फायर सेफ्टी वीक-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। भारत सरकार और राज्य सरकार के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में चिकित्सकों, अधिकारियों और नर्सिंग स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
एनेस्थीसिया सेमिनार हॉल में आयोजित प्रशिक्षण सत्र को संबोधित करते हुए मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य एवं नियंत्रक डॉ. राहुल जैन ने कहा कि चिकित्सा संस्थानों में अग्नि सुरक्षा केवल औपचारिकता नहीं बल्कि मरीजों के प्रति जवाबदेही का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने कहा कि संस्थान “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत सुरक्षा मानकों को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है।
वहीं डॉ. आर.एल. सुमन ने अस्पतालों में सुरक्षा मानकों के पालन को प्रत्येक कर्मचारी का प्रथम दायित्व बताते हुए हेल्थ केयर प्रोवाइडर्स को अग्नि सुरक्षा शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया और सतर्कता ही बड़ी दुर्घटनाओं को रोक सकती है।
कार्यक्रम में नवदीप बग्गा ने फायर एक्सटिंग्विशर के उपयोग, सुरक्षित निकासी प्रक्रिया और आपदा प्रबंधन की व्यावहारिक ट्रेनिंग दी। कार्यक्रम का संचालन निश्चेतना विभाग के आचार्य एवं नोडल अधिकारी डॉ. रविंद्र गहलोत ने किया।
उल्लेखनीय है कि 4 से 10 मई तक चलने वाले इस विशेष फायर सेफ्टी वीक के दौरान अस्पताल परिसर के विभिन्न ब्लॉकों में मॉक ड्रिल और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
आरएनटी मेडिकल कॉलेज में फायर सेफ्टी वीक का शुभारंभ, सुरक्षा मानकों के प्रति सजगता और आपदा प्रबंधन पर दिया गया विशेष जोर

Advertisements
