24 News Update बांसवाड़ा। बांसवाड़ा जिले के आंबापुरा थाना क्षेत्र में शनिवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। बेटे की शादी संपन्न करवाकर घर लौट रहे पिता की बाइक की सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। हादसे में दूल्हे के पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बैठे रिश्तेदार ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया।
थानाधिकारी निर्भय सिंह राणावत ने बताया कि वीरपुर के पास शनिवार शाम करीब 4 बजे दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल दोनों शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
पुलिस के अनुसार मध्यप्रदेश के बाजना क्षेत्र के कबलखोरा निवासी मड़िया (50) पुत्र हुमला डिंडोर अपने बेटे पंकज की शादी आंबापुरा क्षेत्र के नवाखेड़ा गांव में संपन्न करवाकर वापस घर लौट रहे थे। उनके साथ बाइक पर रिश्तेदार हकरू पुत्र जोहरेंग निनामा निवासी रावदा पाटन भी सवार था।
वीरपुर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मड़िया का सिर फट गया और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल हकरू की भी महात्मा गांधी अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
दूसरी बाइक पर सवार श्यामजी पुत्र हीरा चरपोटा निवासी कापड़िया हादसे में घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए महात्मा गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

