राजसमंद/उदयपुर। रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात में एक पिता ने अपनी ही 14 वर्षीय नाबालिग बेटी की गला रेतकर हत्या कर दी। राजसमंद जिले के खमनोर थाना क्षेत्र के नेडच गांव में हुई इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को 24 घंटे के भीतर उदयपुर से गिरफ्तार कर लिया।
खमनोर थाना इंचार्ज नरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी नारायण लाल मेघवाल को अपनी बेटी जसोदा मेघवाल की हत्या के आरोप में उदयपुर के टीडी क्षेत्र से पकड़ा गया है। आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा हो सके।
दूध लाने भेजा, पीछे कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार घटना 21 दिसंबर की है। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने से पहले अपने छोटे बेटे को दूध लाने के बहाने घर से बाहर भेज दिया। इसके बाद उसने घर में मौजूद अपनी बेटी जसोदा का गला काटकर निर्मम हत्या कर दी। दोपहर करीब 3.30 बजे पुलिस को मोबाइल फोन के जरिए सूचना मिली, जिसके बाद खमनोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
मामा की रिपोर्ट पर दर्ज हुआ मामला
मृतका जसोदा के मामा की रिपोर्ट पर पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज किया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और गहरा शोक व्याप्त हो गया।
मेघवाल समाज में आक्रोश, कड़ी सजा की मांग
इस जघन्य घटना के विरोध में मेघवाल समाज के लोगों ने उपखंड अधिकारी के नाम खमनोर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोपी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई, मामले को फास्टट्रैक कोर्ट में चलाने और शीघ्र न्याय की मांग की गई। समाज के लोगों का कहना है कि यह अपराध न केवल एक परिवार बल्कि पूरे समाज को झकझोर देने वाला है।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.