Site icon 24 News Update

खेत में बुजुर्ग पर जानलेवा हमला, धारदार हथियार और लाठियों से की बेरहमी से पिटाई

Advertisements

24 News Update उदयपुर। जिले के खेरोदा थाना क्षेत्र के मेनपुरिया गांव में एक बुजुर्ग पर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित सुरेश चन्द्र चौबीसा (64) ने गांव के ही दो व्यक्तियों के खिलाफ खेत में घुसकर धारदार हथियार और लाठियों से मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़ित के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 5 बजे वह अपने खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान गांव के देव किशन चौबीसा और उनका पुत्र निर्मल चौबीसा हाथों में लाठी और धारदार ‘कुट’ लेकर वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने जान से मारने की धमकी देते हुए उन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। निर्मल चौबीसा ने धारदार हथियार से वार किए, जिससे सुरेश चन्द्र के सिर, दोनों हाथों के अंगूठों और पैरों पर गंभीर चोटें आईं। वहीं देव किशन ने लाठियों से बेरहमी से पिटाई की। हमले के बाद दोनों आरोपी बुजुर्ग को मरणासन्न हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि हमले में शरीर के कई हिस्सों में फ्रैक्चर होने की आशंका है। फिलहाल पुलिस को रिपोर्ट सौंप दी गई है और आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की गई है।

Exit mobile version